युवक ने अधेड़ पर हमला किया, देखने भी गया मौत तो नहीं हुई, लगाई फांसी
जगदलपुर | तोंगपाल इलाके के गोपनपाल पारा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक ने अधेड़ पर जानलेवा हमला कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान अधेड़ की मौत हो गई। वहीं इससे पहले हमला करने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार गोपनपाल पारा गांव में ही रहने वाले 50 वर्षीय कवासी लखमा का विवाद सोम नाम के युवक से हो गया था। इनके बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। सोम ने 9 अप्रैल को कोठार में सो रहे कवासी के सर पर लकड़ी के पीढ़े से वार कर दिया था। घटना में कवासी तुरंत ही बेहोश हो गया और लहूलुहान हालत में रातभर कोठार में ही पड़ा रहा। सुबह लखमा की बहू ने अपने ससुर को देखा और परिवार के सदस्यों को बुलाया। इसके बाद उसे हॉस्पिटल ले जाने की तैयारी की गई। इसी बीच घटना स्थल पर भीड़-भाड़ देखकर सोम भी पहुंचा और लोगों से पूछने लगा कि लखमा जिंदा है या नहीं। इसके बाद लोगों ने सोम को कोई जवाब नहीं दिया और उसे मौके से डांटकर भगा दिया। उसने बताया भी आवेश में उसने ही अधेड़ पर हमला किया था पर भीड़ ने उसकी बात नहीं सुनी।
इसके बाद सोम ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इधर लखमा की हालत को देखते हुए उसे 10 अप्रैल की दोपहर बेहतर इलाज के लिए मेकाॅज लाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान रविवार रात दम तोड़ दिया।
मामला बनेगा और फिर केस का खात्मा होगा
लखमा से पहले सोम की मौत के बाद पुलिस के लिए यह मामला पेचीदा हो गया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि लखमा की मौत के मामले में सोम आरोपी है। ऐसे में मामले की जांच करने के बाद सोम पर धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जाएगा। इसके बाद जांच में इस बात का उल्लेख किया जाएगा कि हत्या के आरोपी की मौत पीड़ित से पहले हो गई थी और इस मामले का खात्मा रिपोर्ट पेश किया जाएगा।