उत्तराखंड के युवक ने पिकअप चालक के खिलाफ करवाया केस दर्ज
दूनी | सरोली मोड के पास नेशनल हाइवे पर रविवार बोलेरो कैम्पर व पिकअप में हुई भिड़ंत में हुई तीन जनों की मौत के मामले में बोलेरो कैम्पर सवार उत्तराखंड के युवक ने रविवार देर शाम पिकअप चालक के खिलाफ उनकी कार को टक्कर मारने का मामला घाड थाने में दर्ज करवाया है।हेड कांस्टेबल राम गोपाल ने बताया कि उत्तराखंड राज्य के रोशनपुर जिला उधम सिंह नगर निवासी दिलराज सिंह पुत्र राणा प्रताप सिंह ने घाड थाने में श्यामपुरा ढाणी जिला जयपुर निवासी पिकअप चालक सुरेन्द्र यादव पुत्र पूरण यादव के खिलाफ मामला दर्ज कराया कि रविवार को वह बोलेरो कैम्पर गाड़ी में परिजनों व रिश्तेदारों के साथ कोटा से धुंआकला स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकने जा रहे थे। इस दौरान नेशनल हाइवे 12 पर सरोली मोड से टोंक की ओर थोडी दूर स्थित शेखावाटी होटल पास टोंक की तरफ से पिकअप चालक सुरेन्द्र यादव ने पिकअप को तेज गति से चलाकर डिवाइडर को तोडता हुआ दूसरी तरफ आ गया। एवं उनकी बोलेरो कैम्पर के टक्कर मार दी।