- Hindi News
- National
- मुस्लिम समाज के 30 जोड़ों का हुआ निकाह, सम्मेलन में फिजूलखर्ची रोकने पर दिया जोर
मुस्लिम समाज के 30 जोड़ों का हुआ निकाह, सम्मेलन में फिजूलखर्ची रोकने पर दिया जोर
दुआएं खैर के साथ रविवार को मोहल्ला गोल स्थित गोल मैरिज हाल में तीसरा इज्तिमाई शादी सम्मेलन सम्पन्न हुआ। इसमें 30 जोड़ों का निकाह पढ़ाया गया। सम्मेलन के सरपरस्त मौलवी सईद साहब ने दुआएं खैर की। साथ ही वहां मौजूद सभी लोगों ने जीवन साथी बने जोड़ों को खुशहाल जीवन जीने की सामूहिक रुप से दुआएं दी।
रविवार को टोंक युवा मुस्लिम सोसायटी की जानिब से गोल मैरिज हॉल में इज्तेमाई शादी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें फिजूल खर्ची रोकने एवं शादी सादगी से किए जाने पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि मातृ छाया संस्थान की संस्थापक नीलिमा सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन से भाईचारा बढ़ता है। साथ ही ये पुनीत कार्य है, उन्होंने सभी समाजों में संस्कारवान शिक्षा की जरूरत पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर जावेद मसूद,पैकर फारूख, यास्मीन फारूखी मौजूद रहे। अध्यक्षता हाजी मोइनुद्दीन निजाम ने की। सम्मेलन में मौलवी मोहम्मद उमर नदवी, मुफ्ती इस्लाहुद्दीन खिजर, मुफ्ती आदिल नदवी, शहजाद कायमखानी आदि ने भी विचार व्यक्त किए। सलीमुद्दीन खान, शब्बीर खान, राशेदा राहत, जाकिर हुसैन, शहजाद खान, निजाम खान, फरहाज खान, खालिद खान, जाकिर सना, आसिफ पठान, मुदस्सर खान, मुस्लिम नौजवान कमेटी, एस.डी.पी.आई.सोसायटी, युवा पीस वेलफयेर सोसायटी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं में बढ़चढ़ कर भाग लिया।
डीजे नहीं बजाएंगे
इस मौके पर काजी संजू मियां, मुफ्ती वसीम, फखरूदीन गौरी, इकबाल हाशमी, राकांपा के मोहम्मद अजमल, आसिफ खान आदि भी मौजूद रहे। इस इज्तिमाई शादी सम्मेलन में मुस्लिम समाज के शादी समारोह में गैर इस्लामी रस्मों रिवाज जैसे कि डीजे बजाना,आतिशबाजी आदि को रोके जाने के लिए भी संकल्प लिया गया। सम्मेलन में राज्य के कई जिलों से आए दुल्हा, दुल्हनों को तोहफे आदि भी समाजसेवियों द्वारा दिए गए।
टोंक. गोल मैरिज हाल में रविवार को सामूहिक विवाह सम्मेलन में लोग।