अम्बेडकर जयंती आज, नप ने आखिरकार प्रतिमा की ली सुध
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती शनिवार को हर्षाेल्लास से मनाई जाएगी। शायद इसलिए लम्बे समय बाद ही सही घंटाघर स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का नगर परिषद व प्रशासन ने सुध ली और प्रतिमा की धूल-मिट्टी हटाने के साथ प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई की गई।
केन्द्र व राज्य सरकार सहित विभिन्न सामाजिक संगठन भले ही डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जंयती को उत्साहपूर्वक मनाते है लेकिन सालभर घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थल व प्रतिमा की दुर्दशा किसी से छुपी नही है। सिर्फ डॉ. अम्बेडकर की जयंति व उनकी पुण्यतिथि पर ही प्रतिमा की साफ-सफाई की जाती है बाकि समय ना तो कोई अधिकारी एवं ना ही कोई जनप्रतिनििध प्रतिमा स्थल की ओर ध्यान भी नही देता है। डॉ. भीमराव अम्बेडकर जंयति समारोह समिति की ओर से डॉ. भीमराम अम्बेडकर की जंयति मनाई जा रही है। संयोजक राजेश पाराेचिया ने बताया शनिवार को सुबह आठ बजे खेल स्टेडियम से वाहन रैली रवाना होगी। जो धन्नातलाई, बड़ा कुआ व मुख्य बाजार, घंटाघर होते हुए खेल स्टेडियम पहुंचेगी। जहां बाबा साहब के जीवन पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। जिसमें जेएनयू दिल्ली के प्रोफेसर गंगासहाय मीणा, अम्बेडकर विचार अब्दूल लतीफ आर्काे, रामावतार मेहरा अपने विचार रखेंगे। वही वेदराम की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
महाविद्यालय में अंबेडकर जयंती मनाई
उनियारा। कस्बे के राजकीय महाविद्यालय में डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ.देवराज झांझड़िया ने कहा कि डॉ.अंबेडकर एक लोकप्रिय विधिवेता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे। उन्होंने दलितों के खिलाफ समााजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाया एवं श्रमिकों एवं महिलाओं के अधिकारों का समर्थन किया। इसलिए समाज उनके योगदान के लिए हमेशा याद रखता आ रहा है। स्वयंसेवक अशोक नागर, चेतन मीणा ने अंबेडकर पर विचार व्यक्त करते हुए उनके कार्यों की जानकारी दी।
टोंक. चयनित स्थान का अवलोकन करते विधायक अजीत सिंह मेहता।
चयनित स्थान का विधायक ने किया अवलोकन
टोंक|सरकार द्वारा बनवाए जाने वाले अंबेडकर भवन के लिए चयनित स्थान का शुक्रवार को विधायक अजीत सिंह मेहता, नगर परिषद आयुक्त सीमा चौधरी ने अवलोकन किया। अंबेड़कर भवन का शनिवार को शिलान्यास किया जाएगा। इस मौके पर विधायक मेहता ने आयुक्त से अंबेड़कर भवन के निर्माण संबंधित जानकारी प्राप्त कर सरकार की मंशा के अनुरूप गुणवत्ता पूर्ण भवन बनवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम डोई, मनोनीत पार्षद रामअवतार धाभाई, जयनारायण वर्मा, पुष्कर सैनी आदि मौजूद थे।