- Hindi News
- National
- बीए प्रथम डिस्टेंस के छात्रों को परीक्षा के समय मिला दूसरे कोड का प्रश्न पत्र, आधे समय के बाद दिया दूसरा
बीए प्रथम डिस्टेंस के छात्रों को परीक्षा के समय मिला दूसरे कोड का प्रश्न पत्र, आधे समय के बाद दिया दूसरा
तोशाम | बीएलजेएस सूईवाला महाविद्यालय में बीए प्रथम डिस्टेंस के छात्रों को परीक्षा के समय दूसरे कोड का प्रश्न पत्र दिया गया और आधे समय के बाद दूसरा प्रश्न पत्र दिया गया। इसे लेकर परीक्षा देने वाले छात्रों ने विरोध किया व प्राचार्य को शिकायत देकर समाधान की मांग की। प्राचार्य ने छात्रों को इस संबंध में विश्वविद्यालय में शिकायत करने की बात कही। छात्र विकास, रमन, जोशिन, कोमल, जोगेंद्र, विक्रम, तिलक, कमल किशोर, राहुल आदि का कहना है कि वे डिस्टेंस बीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं आज उनका अग्रेजी विषय का पेपर था। पेपर के समय महाविद्यालय में उन्हें गलत पेपर दे दिया गया।
छात्रों ने बताया कि उन्हें जो भी पेपर दिया गया वह पाठ्यक्रम से बाहर था। इससे छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों का कहना है कि जो सही पेपर है वह उन्हें आधे समय के बाद दिया गया। आधे समय के बाद दूसरा पेपर देने के कारण वे पेपर पूरा नहीं कर सके। पेपर पहले गलत बाद में ठीक देने के चक्कर में वे पेपर पूरा नहीं कर सके। इसकी शिकायत छात्रों ने महाविद्यालय के प्राचार्य को की है। इस बारे में प्राचार्य राकेश भारद्वाज ने बताया कि डिस्टेंस एक बच्चों का पेपर था।विश्वविद्यालय की अाेर से एक कॉन्फिडेनशल सीट भेजी जाती है जिसमें परीक्षा से संबधित छात्रों की पूरी डिटेल होती है। उसी सीट के अनुसार पेपर खोला जाता है। प्राचार्य ने बताया कि पेपर को लेकर विश्विद्यालय की तरफ से तीन बजकर 18 मिनट पर मेल आई कि दूसरे कोड का पेपर दें अगर कोई छात्र मांगता है तो। इसके पहले फोन भी किया पर विश्वविद्यालय की तरफ से कोई रिप्लाई नहीं आया। इसमें महाविद्यालय की कोई गलती नहीं है। दूसरा पेपर देने के बाद भी छात्रों को एक्ट्रा समय देने की बात कही थी। अगर उनको अब भी कोई दिक्कत है तो वे विश्वविद्यालय में इसकी शिकायत करें।