सामाजिक कुप्रथा निषेध अभियान कमेटी की हुई पहली मासिक बैठक
तोशाम | सामाजिक कुप्रथा निषेध अभियान कमेटी की पहली मासिक बैठक रविवार को गांव संडवा में हुई। कमेटी ने सामाजिक कुप्रथाओं के उन्मूलन के लिए कमेटी से जुड़े गांवों संडवा, बुशान, हसान, साहलेवाला में अलख जगाने का निर्णय लिया गया। कमेटी ने उन परिवारों की हाैसला अफजाई की। जिन्होंने परिवार में बुजुर्ग की मौत के बाद परंपरा को तोड़ते हुए इस सामाजिक बुराई को त्यागने का फैसला कर एक प्रेरणा का कार्य किया है। साथ ही कमेटी ने चारों गांवों के युवा क्लबों को भी अभियान से जुड़ने की अपील की। कमेटी की दूसरी मासिक बैठक मई माह में गांव साहलेवाला में होगी। पिछले दिनों गांव हसान में आपसी भाईचारे(गोहांड) से जुड़े चार गांवों संडवा, हसान, बुशान व साहलेवाला की एक महापंचायत हुई थी। पंचायत में चारों गांवों में मृत्युभोज व डीजे को बंद करने का फैसला लिया था और इसकी निगरानी के लिए कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी की पहली मासिक बैठक रविवार को गांव संडवा में हुई। कमेटी सदस्यों ने एकमत से सामाजिक कुप्रथाओं को जड़ से उखाडऩे के लिए चारों गांवों में जनजागरण अभियान चलाने का फैसला लिया। सामाजिक कुप्रथा निषेध कमेटी के चेयरमैन जेपी हसानिया ने बतायाकि अभियान में संबंधित गांवों की युवा क्लबों को भी आमंत्रित किया जाएगा। युवा क्लबों के साथ मिलकर गांवों में अलख जगाएंगे।