तोशाम | सरसों खरीद के मामले को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के आह्वान पर उपमंडल कार्यालय के मुख्यद्वार पर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी रहा। शनिवार को गांव देवावास के किसानों ने सरपंच सूबेदार मेजर रामधारी सिंह के नेतृत्व में भाग लिया। किसानों ने खरीद में हुए गोलमाल की जांच कर दोषियों को सजा देने की मांग की।
किसानों का आरोप है कि मंडी में खरीद के दौरान बड़ा घपला हुआ है। धरने की अध्यक्षता करते हुए किसान सभा के तहसील प्रधान कर्ण सिंह जैनावास व उपप्रधान मास्टर रघुबीर भेरा ने बताया कि 19 गांव ऐसे हैं जिनका एक भी दाना मंडी में नहीं खरीदा गया है। इन गांवों की सरसों खरीदी जाए। सरसों खरीद में जिन अधिकारियों, हैफेड स्टाफ, मार्केट कमेटी के स्टाफ आदि एजेंसियों की अाेर से उठान-तोल व बारदानों में फर्जीवाड़ा कर किसानों को आर्थिक नुकसान व अनाधिकार कार्य प्रणाली अपनाकर परेशानियां खड़ी की हैं। उसकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। धरने का संचालन इंद्र सिंह कादयान ने किया।