पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तूंगा में मलबे की सामग्री से अस्पताल का निर्माण देख ब्लॉक सीएमएचओ उखड़े

तूंगा में मलबे की सामग्री से अस्पताल का निर्माण देख ब्लॉक सीएमएचओ उखड़े

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कस्बे में करीब 6 महीने पहले अवैध तहखाना खुदाई के दौरान जमीदोंज हुए सीएचसी अस्पताल भवन को दोबारा से मलबे के ढेर से निर्माणाधीन कार्य को देखकर सोमवार को ब्लाक सीएमएचओ डॉ.दिनेश मीना उखड़ गए ओर घटिया कार्य को लेकर काफी नाराजगी जताकर उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया। साथ ही निर्माण करा रहे पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी राधामोहन गुप्ता को मौके पर बुलाकर गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाने की नसीहत दी।

मीना ने बताया कि 11 नवंबर 2017 को सीएचसी भवन के पास दुकान चला रहे पूर्व जिला शिक्षाधिकारी राधामोहन गुप्ता अवैध तरीके से तहखाना खुदाई के दौरान सीएचसी भवन का एक बड़ा हॉल पूरी तरह ध्वस्त हो गया था। वही तीन अन्य कमरें क्षतिग्रस्त हो गए थे। विभाग ने राधामोहन को भवन के पुनः निर्माण की स्वीकृति दी। इसके बाद काम शुरू हुआ लेकिन निर्माण कार्य में पुराने चूने का मलबा काम में लेने से घटिया काम किया जा रहा है जो आमजन के काम में आने वाले भवन निर्माण के लिए सही नहीं है।

गुपचुप तरीके से काम शुरू : घटना के बाद दिखावे के लिए पुलिस प्रशासन व चिकित्सा विभाग के आला अफसर मौके पर आकर कठोर कार्रवाई के दावे करते दिखाई दिए थे। मगर समय गुजरने के साथ मामला वही आकर ठहर गया जहां से शुरू हुआ था। जनता के लिए सबसे ज्यादा अहम माने जाने वाले भवन की कोई सुध नहीं ले रहा है।

संभवतया प्रभावशाली होना कारगर साबित रहा

हादसे के बाद अधिशासी अभियंता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 19.40 लाख का दावा कर संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध विधि अनुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए थे लेकिन अस्पताल भवन को गिराने वाला व्यक्ति पूर्व में जिला शिक्षाधिकारी पद पर रह चुका है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि उनका प्रभाव चल गया ओर प्रशासन ने खुद द्वारा ही मलबे से निर्माण कार्य करने की स्वीकृति दे दी।

पुलिस में गंभीर धाराओं में हुआ था मामला दर्ज

घटना घटित होने के बाद स्थानीय अस्पताल प्रशासन की ओर से प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.बीएल मीना ने पुलिस में हत्या का प्रयास, राजकार्य में बाधा, सरकारी संपति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज करवाया था।

जिम्मेदारों के जवाब

तूंगा सीएचसी निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पर घटिया काम देखने में आया। अकुशल कारीगरों द्वारा मलबे के ढेर से पत्थरों की जगह वर्षो पुराने चूने से दीवार की चुनाई कर दी। यह किसी भी लिहाज से सही नहीं है। मामले की उच्चाधिकारियों को लिखित में शिकायत होगी। यहां पर कोई इंजीनियर देखरेख नहीं कर रहे है जिस व्यक्ति ने क्षतिग्रस्त किया था वह ही निर्माण कार्य करवा रहा है। - डॉ दिनेश मीणा, ब्लाक सीएमएचओ, बस्सी

हमने कॅान्ट्रेक्ट खुद को ही दे रखा है। एक्सईएन ने उनको प्राइवेट इंजीनियर लगाकर देखरेख करने के आदेश निकाल रखे है। हमारे लिए रोजाना सुपरविजन करना संभव नहीं है। हम केवल विकली सुपरविजन कर सकते है। डाक्टर इस बारे में लिखित में प्राइवेट इंजीनियर द्वारा सुपरविजन नहीं होने की लिखित शिकायत दे। - एसएस राठौर, सहायक अभियंता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जयपुर सैकंड

मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है। इस बारे में सीएमएचओ से जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी। - अशोक शर्मा, एसडीएम, बस्सी

खबरें और भी हैं...