उपमंडल कार्यालय में मिशन परिवर्तन ब्लॉक की समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम डॉ. शिल्पी पातड़ ने की। सभी विभागों के अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया। डॉ. पातड़ ने जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी नांदल को निर्देश दिए कि ग्रीष्म अवकाश से पहले सभी राजकीय, गैर सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के रिहायशी प्रमाण पत्र तथा कक्षा नौवीं से 12वीं तक के सभी अनुसूचित जाति, बीसी-ए, बीसी-बी के प्रमाण बनवाने अनिवार्य हैं। इसके लिए संबंधित स्कूल मुखियाओं, पटवारी, सरपंच, पार्षद से बच्चों की रिपोर्ट करवा कर तहसीलदार से उक्त प्रमाण जारी करवाए।
डॉ. पातड़ ने कहा कि परिवर्तन ब्लॉक के लिए सभी विभागों को सीएम कार्यालय द्वारा जारी प्रपत्र के अनुसार दिए गए लक्ष्यों को समय रहते पूरा करना होगा। कोई भी विभाग के अधिकारी अगर कोताही इसमें बरतेंगे तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। उपमंडल कार्यालय में चल रहे नपा भवन में अगले सप्ताह बैंकों द्वारा स्टार्टअप इंडिया के अंतर्गत कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा उचाना में अधिक से अधिक सक्षम युवाओं को रोजगार प्रदान किए जाएंगे। इसको लेकर सभी विभाग अपने कार्यालयों के अनुसार डिमांड दें ताकि सक्षम युवाओं को उसके अनुसार रोजगार प्रदान किया जा सकें।
उन्होंने कहा कि खटकड़ से बड़ौदा तक संभावित दुर्घटना क्षेत्र चिह्नित किया गया है। अगले सप्ताह में ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों से बैठक का आयोजन इसको लेकर होगा। प्रदूषण विभाग द्वारा किसानों को गेहूं के फाने न जलाने को लेकर प्रेरित किया जाए। जो भी किसान खेतों में फाने अगर जलाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस मौके पर थाना प्रभारी मंदीप कुमार, बीईओ आरके अहलावत, सचिव आजाद सिंह, डॉ. राजेश मित्तल, मा. रामप्रसाद मौजूद रहे।