अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे नगर पालिका सफाई कर्मचारियों ने महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन के पुतले की शवयात्रा शहर में निकाली। उपमंडल परिसर से सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सफाई कर्मी रेलवे स्टेशन चौक पर पहुंचे। यहां पहुंचकर पुतले को आग लगा दी। कर्मचारियों ने कहा कि कई दिनों से सफाई कर्मचारी पूरे प्रदेश में हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के बजाए हठ किए हुए हैं।
सफाई कर्मचारी प्रधान शीला ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाता, तब तक सफाई कर्मचारी काम पर नहीं लौटेंगे। सफाई कर्मचारियों की मांग को जायज बताते हुए मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन एवं कांग्रेस नेता वीरेंद्र घोघड़िया, व्यापारी नेता साधुराम श्योकंद ने धरना स्थल पर पहुंच कर अपना समर्थन दिया। घोघड़िया ने कहा कि सरकार को चाहिए कि सफाई कर्मचारियों की जो मांग है उसको पूरा करें। कितने दिनों से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं लेकिन उनकी मांग पर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। कर्मचारियों से सुलह करने के बजाय सरकार उनकी मांगों को न मानकर उनको आंदोलन के लिए उकसा रही है जो पूरी तरह से गलत है।
उचाना. रेलवे स्टेशन चौक पर मंत्री कविता जैन का पुतला फूंकते हुए सफाई कर्मचारी। फोटो | भास्कर