पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Udaipur
  • रेडिसन ब्लू के कब्जे से 50 करोड़ की 1.07 लाख स्क्वायर फीट जमीन छुड़ाई

रेडिसन ब्लू के कब्जे से 50 करोड़ की 1.07 लाख स्क्वायर फीट जमीन छुड़ाई

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
यूआईटी ने होटल रेडिसन ब्लू के कब्जे वाली सरकारी जमीन के विवाद में आखिरकार सफलता पा ली। होटल मालिक सोमेश अग्रवाल ने यूआईटी को 1 लाख 7 हजार 732 स्क्वायर फीट जमीन सौंप दी है। यूआईटी का दावा है कि यह जमीन 50 करोड़ से ज्यादा बाजार कीमत की है। इधर जमीन मिलने के बाद यूआईटी ने यहां सरकारी सम्पत्ति का बोर्ड लगा लिया है। फिलहाल इस पर बाउंड्रीवॉल और गेट लगाने का काम चल रहा है। काम पूरा होते ही यूआईटी जमीन अपने कब्जे में ले लेगी। रेडिसन ब्लू होटल ने अपने आसपास 32 हजार स्क्वायर फीट पर पार्क, 54 हजार स्क्वायर फीट सड़क और शेष यूआईटी की अन्य जमीन पर कब्जा कर रखा था। इस जमीन पर गार्डन, पार्किंग, टेनिस कोर्ट, प्ले ग्राउंड आदि विकसित कर रखे थे। इन्हें पूरी तरह नष्ट कर जमीन यूआईटी को सौंपी गई है।

निषेध क्षेत्र में था निर्माण, सेटबैक भी नहीं छोड़ा था
होटल रेडिसन ने फतहसागर किनारे निषेध क्षेत्र में निर्माण कर रखा था। होटल के चारों ओर 30-30 फीट सेटबैक भी छोड़ा जाना था, लेकिन फ्रंट को छोड़ अन्य किसी भी हिस्से पर नहीं छोड़ा गया। यूआईटी क्षेत्र में 4 फीट ऊंची बाउंड्री और 25 फीट का गेट लगा रही है। चेयरमैन रवींद्र श्रीमाली ने बताया कि जमीन वापस सुपुर्द कर दी गई है और यूआईटी के बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। बाउंड्री का काम पूरा होते ही यूआईटी कब्जा ले लेगी। यूआईटी ने सरकार से नियमन के संबंध में दिशा-निर्देश मांगे हैं, सरकार से दिशा-निर्देश मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि होटल रेडिसन ब्लू के नियमन को लेकर विवाद था। होटल ने नियमन की फाइल लगा रखी थी, मगर सेटबैक नहीं छोड़ने और कब्जा अवैध होने से यूआईटी नियमन नहीं कर रही थी। सरकार से आदेश मिलने के बाद यूआईटी ने जवाब दिया था कि अवैध कब्जे और सेटबैक के चलते नियमन नहीं कर सकते।

सारे केस वापस लिए हैं, पैनल्टी भी देंगे, अब कोई विवाद नहीं : होटल रेडिसन ब्लू के मालिक सोमेश अग्रवाल ने बताया कि अब कोई विवाद नहीं है। होटल से संबंधित जितने भी केस थे, वो वापस ले लिए गए हैं। जितनी भी जमीन थी, वो यूआईटी को सुपुर्द कर दी गई है। इस संबंध में जो पैनल्टी लगेगी वो भी देने को तैयार हैं।

खबरें और भी हैं...