बापूबाजार में दुकान से एक करोड़ के जेवर-नकदी चोरी
उदयपुर. सिल्वर एंपोरियम, जहां से जेवर, हीरे और नकदी की चोरी हुई।
क्राइम रिपोर्टर | उदयपुर
शहर के सबसे चहल-पहल वाले बापू बाजार मुख्य मार्ग पर ज्वैलरी शॉप सिल्वर एंपोरियम में शुक्रवार रात एक करोड़ के जेवर, नकदी और डायमंड की चोरी हो गई। हालांकि दुकान के किसी भी दरवाजे का ताला नहीं तोड़ा गया। इसे देखते हुए दुकान के ही वर्कर पर शक जा रहा है। सूरजपाेल पुलिस ने एक युवक को हिरासत में भी लिया है।
दुकान मालिक के छोटे भाई सर्वऋतु विलास निवासी मनीष पुत्र श्रीपाल धर्मावत ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार रोज की तरह रात करीब 8.30 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। दुकान के आठ वर्कर भी उनके साथ घर लौट गए थे। सुबह काम करने वालों ने ही दुकान के दरवाजे चाबियों से खोले तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। एक वर्कर ने दुकान मालिक महेश धर्मावत को हालात बताए, लेकिन दो दिन से उनके कोलकाता में होने के कारण छोटा भाई मनीष मौके पर पहुंचा। तलाश की तो सामने आया कि दुकान से सामान तो चोरी हुए ही थे, बदमाश सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क भी निकाल कर ले गए। पुलिस के अनुसार करीब दो किलोग्राम सोने के जेवर, 30 लाख के डायमंड और आठ लाख रुपए नकद चोरी हुए हैं। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एक कर्मचारी हिरासत में
सूत्रों के अनुसार मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने दुकान पर काम करने वाले युवकों से पूछताछ की। इनमें से एक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस युवक को जोगीवाड़ा स्थित एक मकान में भी लेकर गई। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। अभी मामले की जांच कर रही है।
अनुमान : डुप्लीकेट चाबी से घुसा चोर
दुकान में प्रवेश करने के लिए आगे और पीछे दो दरवाजे हैं। पीछे के दरवाजे से अंदर आने के बाद हाई सिक्योरिटी गेट बना है। इस दरवाजे से पहले सीढ़ियां हैं, जो पहली मंजिल पर जाती हैं। वहीं ग्राउंड फ्लोर पर जाने के लिए सीढ़ियां हैं, जहां ज्यादा जेवर और नकदी पड़े रहते हैं। अनुमान है कि चोर ने डुप्लीकेट चाबी बनवाई होगी, जिससे दरवाजा खोला। हाई सिक्योरिटी का दरवाजा नहीं खुलने पर पहली मंजिल पर जाकर सीढ़ियों से उतरने के बाद ग्रांउड फ्लोर पर चोरी कर ली।