निर्माण समिति अध्यक्ष के बेसमेंट में न भरे पानी इसलिए रोड बंद कर बना रहे नाला
उदयपुर. नाला निर्माण के चलते बंद हुई उदियापोल से सूरजपोल की आवाजाही (बाएं) और गलत साइड से गुजर रहे वाहन चालक।
निखिल शर्मा | उदयपुर
नगर निगम पार्षद और निर्माण समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी और उनके आसपास के दुकानदारों-व्यापारियों-व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों के बेसमेंट में पानी न भरे इसलिए पिछले 15 दिन से शहर के मुख्य मार्ग को बंद कर नाला बनाने का काम किया जा रहा है।
उदियापोल मेन रोड पर एक पखवाड़े से इस काम के चलते जहां क्षेत्र में ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया है, वहीं क्षेत्र के व्यापारियों को भी काफी दिक्कतें आ रही हैं। निर्माण 15 दिन पहले शुरू हुआ था, जिसे खत्म होने में लगभग 15 दिन और लग सकते हैं। इन हालात में क्षेत्र के व्यापारियों और सिटी रेलवे स्टेशन की तरफ से आने वालों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों और क्षेत्र के लोगों का भी कहना है कि मानसून नजदीक है। सिंघवी के बेसमेंट में पानी न भरे इसलिए रोड बंद कर काम कराया जा रहा है।
तय समय में करना होता है काम, लगाना होता है बोर्ड
नियमानुसार निगम के किसी भी काम को टेंडर के दौरान तय की गई सीमा में पूरा करना होता है, मगर यहां काम काफी धीमी गति से चल रहा है। वहीं जिस भी साइट पर काम हो रहा हो, वहां निगम का बोर्ड भी लगाना होता है, मगर यहां ऐसा काेई बोर्ड नहीं लगाया गया है।
सूरजपोल कब्रिस्तान से आने वाले नाले को उदियापोल नाले से जोड़ेंगे
नगर निगम सूरजपोल कब्रिस्तान से आने वाले नाले को उदियापोल मुख्य नाले से जोड़ रहा है। कब्रिस्तान से आने वाले नाले का क्रॉस सीधा उदियापोल नाले तक नहीं था। ऐसे में इस क्षेत्र में जिन भी लोगों के बेसमेंट हैं उनमें बरसात में पानी भर जाता है, वहीं सड़क पर भी काफी मात्रा में पानी भरा रहता है। साथ ही कमलावाड़ी क्षेत्र में दबाव ज्यादा पड़ने से वहां पानी भरने की बड़ी समस्या होती है। ऐसे में निगम बीच में नाला बनाने से पानी सीधा नाले में जाकर मुख्य नाले में चला जाएगा। निगम ने 55 लाख का टेंडर कर यह काम शुरू किया है।
सिंघवी बोले - शहर में जहां कहीं ऐसी समस्या है, वहां भी काम कराएंगे
भास्कर - 15 दिन से एक तरफा रोड़ बंद है, लोगों को परेशानी क्यों हो रही हैω ?
सिंघवी - उदियापोल क्षेत्र में बरसात में पानी भर जाता है, इसलिए कमलावाड़ी से आ रहे नाले को इस नाले की मदद से समस्या को सुलझाने का काम किया जा रहा है।
भास्कर - लोग आरोप लगा रहे हैं कि आप निर्माण समिति के अध्यक्ष हैं और आपके होटल के बेसमेंट में पानी भरता था इसलिए यह काम करा रहे हैंω ?
सिंघवी - कमलावाड़ी और उदियापोल क्षेत्र में नाले से काफी पानी भर जाता था। यह नाला बनाकर कमलावाड़ी से आ रहे नाले का दबाव कम किया जा रहा है, इससे कमलावाड़ी और उदियापोल चौराहे पर पानी नहीं भरेगा।
भास्कर - शहर में मधुबन, अस्पताल के सामने, पंचवटी, माल दास स्ट्रीट और रंगनिवास क्षेत्र में बरसात के दिनों में मकानों के बेसमेंट में पानी भर जाता है, लेकिन समाधान सिर्फ उदियापोल क्षेत्र का हो रहा हैω ?
सिंघवी - कलेक्ट्रेट पर समस्या थी, वहां नाली और सड़क का काम करवा दिया है। वहां इस बरसात में दिक्कत नहीं आएगी। अन्य इलाकों के बारे में शिकायत नहीं मिली है, वहां भी समाधान कर देंगे।
आमजन को ऐसे हो रही परेशानी
राहगीर- ट्रैफिक जाम
रेलवे स्टेशन, गोवर्धन विलास से आने वाले सैकड़ों लोगों को परेशानी होती है। उन्हें पीछे के रास्ते से सूरजपोल या दिल्ली गेट जाना पड़ता है। रेलवे स्टेशन से आए दिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं। वन-वे होने से दिक्कतें काफी ज्यादा हैं। वन-वे होने से कई राहगीर गलत साइड से निकलते हैं। इससे ट्रैफिक जाम तो हो ही रहा है, हादसे की भी आशंका रहती है। प्रोजेक्ट के एक्सईएन मनीष अरोड़ा ने बताया कि काम तेजी से चल रहा है और इसे जल्द पूरा कर देंगे।
व्यापारी - धंधा हुआ आधा
सड़क के जिस तरफ नाला बन रहा है वहां काफी दुकानें और शो-रूम हैं, ऐसे में स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि जबसे नाले का काम शुरू हुआ है तबसे ग्राहकी आधी हुई है, नाले का काम चलने से लोग दुकानों तक आते नहीं हैं, ट्रेफिक जाम रहता है। ऐसे में ग्राहक दुकान तक आता ही नहीं है। नगर निगम महापौर चंद्रसिंह कोठारी ने बताया कि एक दो बार मॉनिटरिंग की है, नाले का काम चल रहा है, लोगों को परेशानी न हो इसलिए जल्द काम खत्म करवाएंगे।