एससी-एसटी के नाम पर लड़ाते हैं सिरफिरे : कटारिया
गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा है कि पांच-छह दशक पहले देश में इतनी छुआछूत थी कि मोहल्ले में झाडू निकालने वालों से छू जाते तो नहाने को कहा जाता। अंदाजा लगाइए कि 127 साल पहले कैसा रहा होगा। डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने इस बुराई को नष्ट करने के लिए कानून बनाया। कुछ सिरफिरे आज भी हैं जो इस कानून का उल्लंघन करते हैं। ऐसे लोग खुद को बादशाह साबित करने के लिए दो गुटों को छुआछूत और एससी-एसटी के नाम पर लड़ाते हैं, जिससे पूरा समाज बदनाम होता है। मैंने राजस्थान में ऐसे सभी लोगों को दंडित किया है।
कटारिया अम्बेडकर चौराहा पर शनिवार को अंबेडकर जयंती पर सभा में बोल कर रहे थे। डॉ. अम्बेडकर जयंती समारोह समिति की सभा में कटारिया ने कहा कि अंबेडकर ने भले ही बौद्ध धर्म स्वीकार किया था, लेकिन अपने मूल्यों काे खत्म नहीं किया। उनके जीवन से हमें प्रेरणा लेने की जरूरत है। इससे पहले शास्त्री सर्कल से रैली निकली, जो टाउन हॉल, सूरजपोल, बापू बाजार, अश्विनी बाजार, हाथीपोल और चेतक सर्कल होकर अंबेडकर सर्किल पहुंची। समिति के कोषाध्यक्ष जीत मल चौहान ने बताया कि सभा में 8वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर व अन्य क्षेत्र की 148 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।
संगठनों ने किए आयोजन : शिव दल मेवाड़ ने राष्ट्रीय एकता सुरक्षा यज्ञ किया और रक्तदान शिविर लगाया। भारतीय संस्कृति अभ्युत्थान, प्रौद्योगिकी एवं अभियांत्रिकी महाविद्यालय और डाॅ. अम्बेडकर विचार मंच की संगोष्ठी सीटीएई सभागार में हुई। समता सैनिक दल ने अंबेडकर सर्किल पर बाबा साहब को सलामी दी। कन्या छात्रावास में ग्राम स्वराज अभियान के तहत ग्राम स्वराज एवं सामाजिक न्याय विषयक गोष्ठी हुई। सवीना की बरकत कॉलोनी कुरैशी हाउस कार्यालय में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक के विभाग के संभागीय महासचिव मोहम्मद छोटू कुरैशी, देहात अध्यक्ष हाजी अब्दुल मेवाफरोश, पूर्व पार्षद नजर मोहम्मद, महासचिव जाकिर हुसैन आदि ने बाबा साहब को पुष्पांजलि दी। मेवाड़ जनशक्ति दल ने चतुर्भुज हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी शिक्षक प्रकोष्ठ की अभिलाषा भवन में समानता, समता, समता मुल्क समाज निर्माण विषय पर संगोष्ठी हुई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 10 इकाइयों पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर गोष्ठियां हुई। एमपीयूएटी में कार्यक्रम हुआ। आम आदमी पार्टी, डॉ. अंबेडकरवादी जनक्रांति मंच, अखिल भारत हिंदू महासभा, भारतीय दलित साहित्य अकादमी, अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ने भी श्रद्धांजलि दी।
उदयपुर. अम्बेडकर जयंती पर शनिवार को शहर में निकली रैली में शामिल पदाधिकारी व सदस्य।
आरक्षण खत्म नहीं करेगी भाजपा : सांसद
विशिष्ट अतिथि सांसद अर्जुनलाल मीणा ने कहा कि संविधान में जो लिखा है, उसे कोई नहीं मिटा सकता। दो अप्रैल के बाद कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर आरक्षण खत्म करने की भ्रांति पैदा की, लेकिन भाजपा आरक्षण खत्म नहीं होने देगी। जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल बोले कि भैरोंसिंह सरकार ने रोटेशन प्रणाली से पंचायतीराज में आरक्षण लागू कर हमें जनप्रतिनिधि बनने का अवसर दिया। आज हर पंचायत में हमारे समाज से लोग प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। मेयर चंद्रसिंह कोठारी ने चित्रकूट नगर में तैयार अंबेडकर भवन की जानकारी दी। यूआईटी चेयरमैन रवींद्र श्रीमाली, कलेक्टर बिष्णुचरण मल्लिक, एसपी राजेन्द्र गोयल, समिति अध्यक्ष शैलेन्द्र चौहान, पी.एस. खींची ने भी विचार व्यक्त किए। उधर, भाजपा अनुसूचित जाति शहर मोर्चा की विचार गोष्ठी अंबा माता स्थित आयुर्वेद कॉलेज में हुई। गृहमंत्री ने कहा कि भाजपा न किसी को सवर्ण, न किसी को दलित मानती है। हम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सिपाही हैं, जो संघ सिद्धांतों के अनुसार एक जाजम पर बैठते हैं। हम सभी संप्रदाय, जाति, समाज की कद्र करते हैं। मोर्चा के जिलाध्यक्ष लवदेव बागड़ी ने भी विचार रखे। महामंत्री मनोज मेघवाल व राकेश राठौड़ ने विशिष्ट अतिथि सांसद मीणा, पार्टी के शहर जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट, जिला प्रमुख, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, मेयर कोठारी, यूआईटी अध्यक्ष श्रीमाली, प्रेमसिंह शक्तावत, अमृत मेघवाल का स्वागत किया।
भाजपा अजा मोर्चा के आयोजन में शामिल गृहमंत्री कटारिया।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने दी अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि।
भेदभाव रहित समाज ही अंबेडकर को श्रद्धांजलि
शहर कांग्रेस कमेटी ने पंचवटी कार्यालय पर अंबेडकर जयंती पर गोष्ठी की। अध्यक्ष गोपालकृष्ण शर्मा ने कहा कि अंबेडकर ने सामाजिक असमानता को दूर करने तथा वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए जीवन समर्पित किया। पीसीसी सचिव पंकज शर्मा व पूर्व अध्यक्ष डाॅ. मधुसूदन शर्मा ने कहा कि अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम भेदभाव रहित समरस समाज का निर्माण कर उनके बताए मार्ग पर चलें। सुरेश श्रीमाली, विवेक कटारा, डाॅ. एल.एन. दाधीच, फिरोज अहमद शेख, हरीश शर्मा, यशवंत सालवी, जयप्रकाश निमावत, दिनेश दवे, अरुण टांक, अजय सिंह, महेश श्रीमाली, डाॅ. दीपांकर चक्रवर्ती, राजेन्द्र सिंह बारहठ, जाजी मेघवाल आदि मौजूद थे। इधर, सूरजपोल देहात कांग्रेस कार्यालय में अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देहात उपाध्यक्ष रामलाल गाडरी, सचिव देवेन्द्र सिंह शक्तावत, कमल सिंह चौधरी, मुर्तजा साबरी, लक्ष्मी लाल मेघवाल, रूपलाल मीणा, फलासिया उपप्रधान विजय प्रकाश वढेरा, एसटी प्रकोष्ठ अध्यक्ष ओमप्रकाश गमेती आदि मौजूद थे। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष शंकर चंदेल और नगर निगम पूर्व नेता प्रतिपक्ष दिनेश श्रीमाली ने कोर्ट चौराहा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
रैली निकाली, 155 प्रतिभाओं का किया सम्मान
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती संयुक्त समारोह समिति ने अंबेडकर जयंती पर रैली निकाली। टाउन हॉल से शुरू हुई रैली अंबेडकर सर्कल पहुंची, जहां बाबा साहेब की प्रतिमा को माला पहनाई। फिर रैली देहलीगेट, बापू बाजार, सूरजपोल, उदयपोल होकर पुलिस लाइन सामुदायिक भवन में समारोह में परिवर्तित हुई। समिति अध्यक्ष डॉ. मानसिंह निनामा ने बताया कि समारोह में 155 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिथि पूर्व सांसद रघुवीर मीणा, एसपी आर.पी. गोयल ने विचार रखे। संयोजक तीरथसिंह खेरोलिया ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे।