1 बटन से 189 अंबेडकर भवनों का शिलान्यास
जयपुर |मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की घोषणा की पालना में शनिवार को अंबेडकर जयंती पर प्रदेश के 189 स्थानीय निकायों में अंबेडकर भवनों के निर्माण के शिलान्यास किए गए। खुद सीएम के अलावा अलग-अलग स्थानों पर सांसद, जिला प्रभारी मंत्री, विधायक, महापौर-अध्यक्ष निकाय एवं स्थानीय जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम हुए।
स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक पवन अरोड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा वर्ष 2018-19 के बजट में अंबेडकर भवनों की घोषणा की थी। आवश्यक सुविधाओं से युक्त अम्बेडकर भवन निर्माण के लिए कुल 102 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया। प्रत्येक नगर निगम के लिए राशि 96 लाख, प्रत्येक नगर परिषद के लिए 67 लाख एवं प्रत्येक नगरपालिका के लिए 48 लाख रुपए आवंटित किए गए हैं। जयपुर संभाग में कुल 44 निकायों में, कोटा संभाग में 20, भरतपुर संभाग में 18, उदयपुर में 21, बीकानेर में 30, जोधपुर में 25 तथा अजमेर संभाग में 32 नगरीय निकायों में शनिवार को शिलान्यास समारोह हुए। जयपुर से इलेक्ट्रॉनिक बटन दबाकर सीएम ने, उदयपुर संभाग में निम्बाहेड़ा में नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने, उदयपुर में गृहमंत्री गुलाब चन्द कटारिया ने शिलान्यास किया।