देशभर के 100 तपस्वी 18 को उदयपुर में करेंगे वर्षीतप पारणे
उदयपुर| वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक महासंघ के वर्षीतप के पारणे अक्षय तृतीया पर 18 अप्रैल को चित्रकूट नगर स्थित रसिकलाल धारीवाल स्कूल में होंगे। आचार्य शिवमुनि के सान्निध्य में देशभर के 100 से अधिक तपस्वी पारणे करेंगे।
श्रमण संघ प्रमुख मंत्री शिरीष मुनि ने बताया कि अक्षय तृतीया श्रमण संघ का स्थापना दिवस भी है। वर्षी तप में एक दिन भोजन और एक दिन उपवास करने वाले तपस्वी शामिल होंगे। तप 13 माह का होता है। कार्यक्रम मुख्य संयोजक वीरेंद्र डांगी, अध्यक्ष ओंकारसिंह सिरोया, मंत्री हिम्मत सिंह गलूंडिया, भुवाणा संघ अध्यक्ष दिनेश चोर्डिया की देखरेख में आयोजन होगा। कार्यक्रम काे लेकर भोजन, आवास, ध्यान शिविर, शिवाचार्य समवशरण, प्रचार, चिकित्सा, प्रशासनिक सहित 16 कमेटियों का गठन कर दिया गया है।
समवशरण में श्रावकों ने किया महामस्तकाभिषेक
आचार्य सुनील सागर के सानिध्य में रविवार को समवशरण में महामस्तकाभिषेक हुआ। चन्द्रप्रभु भगवान का दूध, दही, केसर आदि से अभिषेक किया गया। सभा में आचार्य ने कहा कि धर्म जीने की चीज है, प्रदर्शन की चीज नहीं है। यह आत्मदर्शन की चीज है। जय कुमार कारवा ने बताया कि आर्यिका सुस्वरमति माताजी के नेतृत्व में समवशरण विधान शुरू हुआ। शाम को भक्ति कार्यक्रम हुआ।