प्रदेश में 10 लाख विशेष योग्यजन, चुनाव से पहले होगा मतदाता सूचियों में रजिस्ट्रेशन
प्रदेश में 10 लाख से ज्यादा विशेष योग्यजनों का सर्वे करवाकर आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उनका मतदाता सूचियों में रजिस्ट्रेशन करवा लिया जाएगा। इनमें पांच लाख से ज्यादा विशेष योग्यजनों का सर्वे पूरा भी करवा लिया गया है। विशेष योग्यजनों को मतदान के समय और कितनी बेहतर सुविधाएं दी जा सकती हैं, ऐसे सुझावों के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। ओटीएस में सोमवार सुबह दस बजे से शुरू होने वाली इस कार्यशाला के मुख्य अतिथि चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा होंगे। जयपुर, अजमेर एवं भरतपुर के संभागीय आयुक्त, अजमेर, जोधपुर, अलवर, उदयपुर, सीकर, जयपुर एवं भीलवाड़ा के जिला निर्वाचन अधिकारी सहित कई जिलों के उपजिला निर्वाचन अधिकारी, डॉक्टर, प्रोफेसर और विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अश्विनी भगत ने बताया कि कार्यशाला का मकसद, निर्वाचन प्रक्रिया में विशेष योग्यजनों की भागीदारी बढ़ाने और मतदान केंद्रों पर बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।