सुविवि : 20 विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट, पहले दिन 843 अभ्यर्थी अनुपस्थित
सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के विभिन्न विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती के लिए रविवार को स्क्रीनिंग टेस्ट हुए। रविवार को साइंस और कॉमर्स कॉलेज दो केंद्रों पर पेपर हुए लेकिन सभी विषयों के पेपर में सीरीज समान ही रही। आम तौर पर परीक्षाओं में ए, बी, सी, डी अलग-अलग सीरीज के पेपर होते हैं, लेकिन असिस्टेंट प्रोफेसर के पेपर में सिर्फ एक ही ए सीरीज के पेपर दिए गए। हालांकि इस पर यूनिवर्सिटी प्रशासन का मानना था कि परीक्षार्थियों की संख्या बड़ी मात्रा में हो तब अलग-अलग सीरीज का पेपर होता है, असिस्टेंट प्रोफेसर में अभ्यर्थी कम होते हैं इसलिए एक ही सीरीज का पेपर कराया गया।
1886 अभ्यर्थियों ने दिया टेस्ट
स्क्रीनिंग टेस्ट के तहत पहले दिन 1886 अभ्यर्थियों ने 20 विषयों के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट दिए। पहले दिन साइंस कॉलेज में प्रथम पारी में 539 और दूसरी पारी में 347 अभ्यर्थियों ने टेस्ट दिया। वहीं कॉमर्स कॉलेज में पहली पारी में 463 और दूसरी पारी में 467 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहले दिन 843 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरे दिन 676 अभ्यर्थी स्क्रीनिंग टेस्ट देंगे। कॉमर्स कॉलेज में 406 और साइंस काॅलेज में 270 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कॉमर्स कॉलेज में 406 अभ्यर्थी बायोटेक्नॉलॉजी और 270 अभ्यर्थी अकाउंट्स एंड इकॉनॉमिक्स का पेपर होगा। रविवार को सीसीटीवी कैमरे और वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच स्क्रीनिंग टेस्ट हुए। दो दिन के स्क्रीनिंग टेस्ट के बाद सुखाड़िया 1 पद के मुकाबले 10 अभ्यर्थियों का चयन कर उनके इंटरव्यू कराएगा। इसके बाद पदों पर लिफाफे खोले जाएंगे।