दो माह के शावक की अठखेलियों से गुलजार है पार्क
उदयपुर | इन दिनों बायोलॉजिकल पार्क में स्टाफ के साथ पर्यटकों में खुशी का माहौल है क्योंकि शावकों से पार्क गुलजार है। लगभग दो माह पहले जन्मे शेरनी शारा के दोनों शावक दिनभर अठखेलियां करते रहते हैं। तीनों साथ-साथ खेलते हैं, भाग दौड़ करते हैं तो कभी-कभी तस्वीरों बयां करती हैं कि ये जमकर ठहाके भी लगाते हैं। डीएफओ हरिणी वी. ने बताया कि दोनों शावक 1 महीने 24 दिन के हो गए हैं। एक नर और एक मादा है। दोनों भाई-बहन का नाम रुद्र और याना रखा है। नर शावक पूरे दिन दहाड़ने जैसी आवाज निकालता है इसलिए उसका नाम रुद्र रखा है और मादा शावक को ईश्वर का उपहार आैर शेरनी का नया रूप मानते हुए याना नाम रखा है। उन्होंने बताया कि अभी तक दोनों सिर्फ मां का दूध ही पी रहे थे लेकिन अब बाहर का मेडिकेटेड दूध भी रख देते हैं। डॉ. करमेन्द्र प्रताप सिंह आैर केयरटेकर रामसिंह शेरनी और दोनों शावकों का सीसीटीवी के जरिए 24 घंटे ध्यान रख रहे हैं। शेरनी सारा के लिए खाने में चिकन देते हैं। हरिणी ने बताया कि दोनों शावक भी अब मां के साथ चिकन टेस्ट करने लगे हैं।
बायो पार्क के दो नन्हे मेहमान रुद्र और याना की मुस्कुराती तस्वीर पहली बार भास्कर में देखिए