कांस्टेबल का डॉग घर के बाहर से चोरी, सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा आरोपी
सूरजपोल थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन से सोमवार शाम चोरी हुआ पुलिस कांस्टेबल का आस्ट्रेलियन डॉग मंगलवार रात को युवक के पास मिला। इससे पहले डॉग की तलाश करते हुए पुलिसकर्मी ने दोस्तों के साथ एरिया के दो-तीन दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। रेती स्टैंड की दुकान के सीसीटीवी में डॉग नजर आया। पुलिस ने बताया कि कांस्टेबल रमेश पुत्र जगदीश भावसार ने परिवाद दिया था। उसका डॉग मिलने पर युवक को पाबंद कर छोड़ा और डॉग को कांस्टेबल को सुपुर्द किया। परिवाद के अनुसार पुलिस लाइन स्थित रमेश के मकान के बाहर से सोमवार शाम कोई युवक डॉग को बाइक पर बैठाकर ले गया। बाहर खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, लेकिन युवक भाग निकला। कांस्टेबल के अनुसार डॉग की कीमत करीब 15 हजार रुपए है। दिनभर दोस्तों के साथ उसकी तलाश की। इलाके की कई दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए। रेती स्टैंड स्थित एक दुकान के सीसीटीवी फुटेज में बाइक पर युवक नजर आया, जो डॉग को ले जा रहा था। सूरजपोल थानाधिकारी को फुटेज बताया। फुटेज में बाइक पर किसी कंपनी के बैग लगे दिखे। इसी सुराग के आधार पर कंपनी में पूछा तो युवक के बारे में जानकारी मिल गई। युवक को थाने बुलाकर पाबंद किया है।
फुटेज में दिखा बाइक सवार