पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Udaipur
  • जिला अध्यक्ष बोलीं दौरे कर मैंने जुटाई है भीड़ ब्लॉक अध्यक्ष का जवाब हमारे कहने से आए लोग

जिला अध्यक्ष बोलीं- दौरे कर मैंने जुटाई है भीड़ ब्लॉक अध्यक्ष का जवाब- हमारे कहने से आए लोग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कठुआ और उन्नाव दुष्कर्म के विरोध में मंगलवार को जुटी महिला कांग्रेस पदाधिकारियों में तनातनी हो गई। शहर जिला अध्यक्ष चंदा सुहालका की ब्लॉक अध्यक्ष रेहाना बानू और उनके पति से बहस हुई। सुहालका ने कहा कि मैं अध्यक्ष हूं, मैंने तीन दिन तक वार्ड में जाकर भीड़ जुटाई है। पार्टी हाईकमान से मुझे निर्देश मिले हैं। इससे नाराज ब्लॉक अध्यक्ष रेहाना बानू और उनके पति नूर मोहम्मद ने जवाब दिया कि महिलाएं हमारे कहने से आई हैं। इसके बाद सुहालका ने शहर कमेटी और रेहाना ने कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के बैनर तले प्रशासन को ज्ञापन सौंपे।

अंदर की बात : टारगेट वार्ड 46 का पार्षद पद

वार्ड-46 से रैली का सियासी मकसद भी है। दरअसल, इस वार्ड में भाजपा पार्षद गरिमा पठान के निधन से सीट खाली है और रेहाना बानू उपचुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। उन्हें नौ वोट से हराकर गरिमा पार्षद बनी थीं। रेहाना का दावा है कि पूरे वार्ड की जनता उनके साथ है।

उदयपुर. कठुआ और उन्नाव घटना के खिलाफ मंगलवार को कलेक्ट्रेट के बाहर आक्रोश जताती महिला कांग्रेस कार्यकर्ता (बाएं) और ज्ञापन देते पदाधिकारी।

लालटेन की व्यवस्था नहीं हुई, मोमबत्ती थामे चली महिलाएं

रैली शहर अध्यक्ष सुहालका और देहात अध्यक्ष सीमा चोरड़िया के नेतृत्व में निकाली जानी थी। महिलाओं को हाथ में लालटेन लेने थे, लेकिन इनकी व्यवस्था नहीं हो सकी। जिम्मा लेने वालीं देहात अध्यक्ष ने किसी कारण से रैली में शामिल नहीं हो पाना बताया। महिलाएं मोमबत्ती लेकर कलेक्ट्री पहुंचीं।

कुछ लोग श्रेय ले रहे हैं

हाईकमान से रैली के आदेश पर भीड़ जुटाने के लिए तीन दिन मैंने वार्ड में संपर्क किया। मैं अध्यक्ष हूं, लेकिन कुछ लाेग श्रेय ले रहे हैं। चंदा सुहालका, शहर अध्यक्ष, महिला कांग्रेस

मेरे कहने पर महिलाएं आईं

मेरे कहने पर वार्ड की महिलाएं रैली में आईं। शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष के कहने पर कोई नहीं आया। रेहाना बानू, अध्यक्ष, ए ब्लॉक, महिला कांग्रेस

अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ ने भी दिया कलेक्टर को ज्ञापन

कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मोहम्मद रईस खान के नेतृत्व में कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया गया। प्रवक्ता फिरोज अहमद शेख ने बताया कि दोषियों को कड़ी सजा, पीड़ित परिवार और पैरवी करने वाले वकीलों को सुरक्षा की मांग की गई। प्रतिनिधि मंडल में शहर कांग्रेस महासचिव नासिर खान, हाजी इकबाल शेख, आशा माली, सरदार रवींद्र सिंह, आरती वैष्णव, शिवानी चौधरी, दीपिका चौधरी, कंकू बाई, जेनिफर शेख, मोहम्मद सिद्दीक खान आदि शामिल थे।

बछार मीटिंग को लेकर गिर्वा ब्लॉक में रार

उदयपुर | बछार के केलेश्वर मंदिर में गिर्वा ब्लॉक कांग्रेस की बैठक के बाद पदाधिकारी दो धड़ों में नजर आए। गिर्वा ब्लॉक अध्यक्ष भगवतसिंह झाला ने बैठक को अनधिकृत बताया है। पूर्व विधायक सज्जन कटारा, एआईसीसी सदस्य विवेक कटारा सहित अन्य पदाधिकारियों को बैठक की सूचना नहीं थी। झाला का कहना है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने अधिकार क्षेत्र से बाहर बैठक बुलाई। शिकायत भेजी है। ये वही लोग हैं, जो पहले निष्कासित हो चुके हैं। उधर, बैठक का नेतृत्व करने वाली पीसीसी सदस्य निर्मला चौधरी ने कहा कि ये लोग हमें किसी आयोजन में नहीं बुलाते। मैं 15 दिन के लिए निष्कासित हुई, लेकिन वे एक साल से ज्यादा निष्कासित रहे हैं।

अनधिकृत बताना गलत : चौधरी

मुझे विधायक का चुनाव नहीं लड़ना। पार्टी के शक्ति एप के बारे में कार्यकर्ताओं की बैठक स्थानीय सरपंच ने बुलाई थी। इसे अनधिकृत कहना गलत है। वे लोग खुद ही हमें बैठकों में हमें कभी नहीं बुलाते। निर्मला चौधरी, सदस्य, पीसीसी

किसी बड़े नेता का हाथ : झाला

उच्च स्तरीय संगठन को बता दिया है कि इस तरह की अनधिकृत गतिविधियों के पीछे किसी बड़े नेता का हाथ है। ऐसी गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई तो पार्टी को नुकसान हो सकता है। भगवतसिंह झाला, गिर्वा ब्लॉक कांग्रेस

खबरें और भी हैं...