सपने में डरकर घर से निकला, मिला शव
उदयपुर | भूपालपुरा थाना क्षेत्र में दुर्गा नर्सरी रोड पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे लड़खड़ाता युवक सड़क किनारे गिर गया। करीब 15 मिनट तक किसी ने उसकी सुध नहीं ली। सूचना पर पुलिस ने युवक को एमबी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन का कहना है कि रात काे युवक सपने में डर गया था, जिसके बाद सुबह होते ही निकल गया था। पुलिस ने बताया कि नेपाल हाल कृष्णपुरा निवासी नंद बहादुर पुत्र ओम बहादुर का शव मिला। नंद बहादुर उसके जीजा विष्णु बहादुर के साथ तीन दिन पहले ही नेपाल से काम की तलाश में आया था। पूछताछ में विष्णु ने बताया कि उदयपुर में आने के बाद से नंद बहादुर परेशान हो रहा था। दोनों सोमवार रात कमरे में सो रहे थे। नंद चीखते हुए एकाएक जाग गया। सुबह करीब 8 बजे उठा और बिना बताए घर से निकल गया। पुलिस ने नेपाल में परिजनों को सूचना दी है, जिनके आने पर पाेस्टमार्टम किया जाएगा।