परशुराम जयंती पर जुटेंगी ब्राह्मण समाज की 52 धाराएं
शहर में भगवान परशुराम जयंती पर सर्व ब्राह्मण समाज के पांच दिवसीय कार्यक्रमों का आगाज बुधवार सुबह 6 बजे सेक्टर-11 के वल्लभाचार्य पार्क में परशुराम प्रतिमा स्थल पर पूजा-अर्चना और महाआरती के साथ होगा।
विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मनारायण जोशी ने बताया कि जयंती पर पांच दिन शहर और देहात के ब्रह्म परिवार विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। आयोजन की जिम्मेदारी विभिन्न टीमों को सौंप दी है। खास तैयारी शहर में शनिवार को निकलने वाली ‘विप्र युवा शंखनाद महारैली’ की है, जिसमें सर्व ब्राह्मण समाज के 52 से ज्यादा समाजों के हजारों विप्र युवाओं की भागीदारी रहेगी। उन्होंने बताया कि आयोजन में सर्व ब्राह्मण समाज की भूमिका है इसलिए तैयारी भी बड़े स्तर पर की जा रही हैं। तैयारी बैठक मंगलवार को विप्र फाउंडेशन युवा मंच के प्रदेश महामंत्री नरेन्द्र पालीवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मनारायण जोशी, प्रदेश अध्यक्ष केके शर्मा, प्रदेश महामंत्री लक्ष्मीकान्त जोशी, जिलाध्यक्ष हिम्मत लाल नागदा, हरीश आर्य आदि की मौजूदगी में हुई।
आज-कल ब्राह्मण समाज के इन समाजों के नेतृत्व में होंगे कार्यक्रम
चौबीसा हितकारी ब्राह्मण समाज, मोड चतुर्वेदी ब्राह्मण समाज, सेक्टर-11, 13, 14, गोवर्धन विलास कार्यकर्ताओं की अगुवाई में बुधवार सुबह 6 से 8 बजे तक वल्लभाचार्य पार्क में पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद 8.15 बजे ब्राह्मण एकता परिषद को आवंटित भूखंड का भूमि पूजन किया जाएगा। विप्र युवा शाखा का रक्तदान गुरुवार सुबह 9 बजे से निम्बार्क शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज, सूरजपोल में होगा।
विप्र युवा शंखनाद महारैली 23 को : मेनारिया व दाधीच समाज के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलन, महाआरती और रंगोली प्रतियोगिता शुक्रवार शाम 5 बजे उदियापोल चौराहा पर होगी। सुखवाल समाज और 44 श्रेणी पालीवाल समाज के नेतृत्व में गंगा महा आरती शनिवार शाम 6 बजे महाकालेश्वर मंदिर के पास गंगाघाट पर होगी। विप्र युवा शंखनाथ महारैली रविवार सुबह 8 बजे टाउनहॉल से बापू बाजार, सूरजपोल, झीणीरेत, मुखर्जी चौक, तेलियों की माता, भड़भूजा घाटी, चौखला बाजार, तीज का चौक, देहलीगेट, बापू बाजार से टाउनहॉल लौटकर धर्मसभा में परिवर्तित होगी, जहां महाप्रसादी होगी।