एक पार्षद, दो सरपंच सहित जिले में 16 पद रिक्त, चुनावी हलचल शुरू
नगर निगम के एक पार्षद और जिले की 2 पंचायतों में सरपंच सहित पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त 11 वार्ड पंच, एक पंचायत समिति सदस्य के होने वाले उपचुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार नगर निगम के वार्ड नंबर-46 में पार्षद का पद रिक्त हुआ है। यहां सामान्य वर्ग की महिला पार्षद चुनाव लड़ सकेगी। बता दें कि वार्ड-46 में भाजपा की महिला पार्षद गरिमा पठान के निधन के बाद पार्षद का पद रिक्त हुआ है। इधर जिले में गोगुंदा पंचायत समिति के छाली गांव और सायरा के सुआवतों का गुड़ा पंचायत में सरपंच और खेरवाड़ा के करनाउवा में उपसरपंच का पद रिक्त हुआ है। इधर सेमारीे के चंदौड़ा पंचायत में 1 वार्ड पंच, गोगुन्दा के ओबरा कला, मादा ओर वीरपुरा, खेरवाड़ा के थाणा ओर नया गांव, ऋषभदेव के पिपली अ में दो, मावली के वारणी, फलासिया के कोल्यारी और नेवज में वार्ड पंच का एक-एक पद रिक्त हुआ है। सराड़ा में भी एक पंचायत समिति सदस्य का पद रिक्त है। ये सभी पद 31 मार्च 2018 तक रिक्त हुए हैं। विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे उपचुनावों को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
पहले के उपचुनावों में भाजपा की स्थिति रही है बेहद खराब
उपचुनाव में पंचायत समिति सदस्य और पार्षद के एक पद के चुनाव में बाजी मारना भाजपा के लिए चुनौती से कम नहीं होगा क्योंकि इससे पहले जिले में हुए दो उपचुनावों के परिणाम भाजपा के लिए अच्छे नहीं रहे हैं। पार्टी के कई नेताओं के ताकत लगाने के बावजूद जिला परिषद की एक सीट पर न केवल निर्दलीय विधायक रणधीर सिंह भींडर की अगुवाई वाली जनता सेना समर्थित प्रत्याशी विजय रही, बल्कि यहां भाजपा प्रत्याशी तीसरे नम्बर पर रही। उस उप चुनाव में कुराबड़ क्षेत्र में 34 में से 32 बूथ पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल के गृहक्षेत्र में भी भाजपा सभी बूथों पर हार गई।