उदयपुर स्थापना दिवस समारोह का आगाज पेंटिंग प्रतियोगिता हुई, आज कवि सम्मेलन
उदयपुर| उदयपुर स्थापना दिवस समारोह समिति एवं नगर निगम, उदयपुर के साझे में उदयपुर स्थापना दिवस समारोह का आगाज शुक्रवार को हुआ। 18 अप्रैल तक होने वाले कार्यक्रमों के पहले दिन महाराणा उदयसिंह की प्रतिमा को पुष्पांजलि अर्पित की गई। सीपीएस स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम के मुख्य प्रभारी डा. विमल शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में 120 बालकों ने तथा वरिष्ठ वर्ग में 35 बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में प्रथम जीवितेशराज गौड़ व वरिष्ठ वर्ग में परिधि मेहता प्रथम रही। शनिवार को दोपहर 3 बजे से आर.एम.वी.स्कूल में मेंहदी प्रतियोगिता होगी, इसमें कनिष्ठ वर्ग (कक्षा-6 से 9), वरिष्ठ वर्ग (कक्षा-10 से 12) व विशेष वर्ग (महिला) की प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। शाम को 7 बजे हाथीपोल पर उदयपुर के मानचित्र पर दीपमालिका का कार्यक्रम होगा। शनिवार शाम 7 बजे से पं दीनदयाल उपाध्याय सभागार नगर निगम में कवि सम्मेलन होगा। इसमें पं. नरोत्तम व्यास, डाडम चंद डाडम, पुष्कर गुप्तेश्वर अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।