उपवास में व्यस्त रहे विधायक मीणा, सरपंच ने कर दिया योजना का उद्घाटन
उदयपुर | बड़गांव पंचायत समिति के वरड़ा गांव में पेयजल के लिए डाली गई पाइप लाइन का लोकार्पण गुरुवार को ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा को करना था, मगर उनके नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों के कहने पर सरपंच गंगा देवी ने शुक्रवार को फीता काट दिया। विधायक मीणा का कहना है कि उद्घाटन वाले दिन कलेक्ट्री के सामने उपवास करने से वे वरड़ा नहीं पहुंच पाए। वरड़ा गांव की पेयजल सुविधा के लिए विधायक फूल सिंह मीणा के विकास फंड से 4 लाख रुपए स्वीकृत हुए थे। इस राशि से 800 मीटर लंबी पाइप लाइन नाथावतों का गुडा से खेजड़ियों का बाड़ा तक डाली गई। पाइप लाइन को बिछाए लंबा समय हो गया था, मगर उद्घाटन नहीं होने से वाल्व खोल कर जल वितरण नहीं किया जा रहा था। पाइप लाइन के उद्घाटन की आस में करीब 300 ग्रामीण दिन भर प्रतीक्षा के बाद शाम को निराश लौट गए। उद्घाटन कर्ताओं के शुक्रवार का कार्यक्रम भी तय नहीं करने पर ग्रामीणों ने सरपंच गंगा देवी गमेती व पंचायत समिति सदस्य केशर कंवर से फीता कटवा कर पाइप का वाल्व खोल दिया गया।