दंत चिकित्सक हर शुक्रवार केन्द्रीय कारागृह में कैदियों का इलाज करेंगे
उदयपुर | केन्द्रीय कारागृह उदयपुर में प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक दंत चिकित्सक कैदियों के दांतों की जांच कर इलाज करेंगे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक ने उदयपुर, अजमेर, अलवर और बीकानेर सीएमएचओ को इसके आदेश दिए हैं। उन्होंने सीएमएचओ को पत्र लिखा है कि जेल डिस्पेंसरी/केंद्रीय कारागृह में बंदियों को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए पाबंद करें। महिला कैदियों के लिए महिला रोग विशेषज्ञा उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि उदयपुर और बीकानेर में दंत चिकित्सक बंदियों को चिकित्सा उपलब्ध नहीं करा रहे हैं, जो राजकार्य के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। आदेश आते ही सीएमएचओ डॉ. संजीव टांक ने प्रताप नगर स्वास्थ्य केंद्र के दंत चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार कुलदीप को कारागृह में बंदी रोगियों को देखने के आदेश जारी कर दिए हैं।