रोटरी क्लब के इलेक्टेड प्रेसीडेंट अौर सेक्रेटरीज की ट्रेनिंग सेमिनार आज से
उदयपुर | रोटरी क्लब एलीट के साझे में डिस्ट्रिक्ट 3054 के राजस्थान और गुजरात के 132 क्लबों के इलेक्टेड प्रेसिडेंट और सेक्रेटरीज की ट्रेनिंग सेमिनार शनिवार को राजपुताना रिसोर्ट में शुरू होगी। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नीरज सोगानी ने बताया कि इसमें एक जुलाई से आरंभ होने वाले रोटरी वर्ष के लिए चयनित अध्यक्षों और सचिवों को क्लब के विभिन्न आयामों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाता है। दो दिन तक चलने वाले सेमिनार के दौरान रिसोर्स पर्सन द्वारा रोटरी नियमों, परंपराओं, फाइनेंस मैनेजमेंट, अंतरराष्ट्रीय रोटरी फाउण्डेशन, फैलोशिप एवं समाजसेवा के प्रोजेक्ट, रिपोर्टिंग, रिकॉर्ड कीपिंग, क्लब को सक्रिय रखने आदि विषयों पर जानकारी दी जाएगी। डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर अजय काला ने बताया कि गत सप्ताह रोटरी अंतरराष्ट्रीय के अध्यक्ष बैरी रेजिन जयपुर आए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मुलाकात में बताया था कि रोटरी अंतरराष्ट्रीय ने प्रांत 3054 को 12 करोड़ रुपए उपलब्ध करवाए हैं। सत्र 2018-19 में गर्ल्स स्कूल्स में सेनेटरी नेपकिन उपलब्ध कराने का बड़ा प्रोजेक्ट हाथ में लिया जा रहा है।