हाईकोर्ट बैंच के लिए 16 से आंदोलन कोर्ट गेट के बाहर अनशन करेंगे वकील
उदयपुर | मेवाड़ वागड़ हाईकोर्ट बैंच स्थापना की मांग को लेकर 16 अप्रैल से क्रमिक अनशन करने का निर्णय शुक्रवार को मेवाड़ वागड़ हाई कोर्ट बेंच संघर्ष समिति ने जिला मुख्यालयों पर हुई जनरल हाउस में सर्वसम्मति से लिया। प्रतिदिन 11 वकील कोर्ट गेट के बाहर अनशन करेंगे। उदयपुर में जनरल हाउस की बैठक संघर्ष समिति के संयोजक शांतिलाल चपलोत की अध्यक्षता में हुई। समन्वय समिति के अध्यक्ष रमेश नंदवाना ने बताया कि जिला मुख्यालय पर स्थित न्यायालय परिसर के बाहर सोमवार से क्रमिक अनशन शुरू होगा। क्रमिक अनशन पर प्रतिदिन 11 अधिवक्ताओं के साथ विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ता बैठेंगे। संघर्ष समिति के महासचिव शांतिलाल पामेचा ने कहा कि इस बार करो या मरो की लड़ाई लड़ने को मेवाड़ तैयार है। कोषाध्यक्ष गौतम लाल सिरोया ने कहा कि सभी बार एसोसिएशन को यह सुनिश्चित करना होगा कि हर जिला मुख्यालय पर सोमवार से क्रमिक अनशन शुरु हो। पूर्व अध्यक्ष भरत जोशी ने कहा कि इस आंदोलन का स्वरूप ऐसा हो कि इसका नाम गिनीज बुक में दर्ज किया जा सके। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकृपा शर्मा, अधिवक्ता संत लाल अग्रवाल, फतहलाल नागौरी, ऋषभ जैन, अरुण व्यास ने आंदोलन को निर्णायक स्तर तक ले जाने की जरूरत बताई।