एलिवेटेड रोड के लिए 61 हजार वर्ग फीट जमीन अवाप्त होगी
उदियापोल से कोर्ट चौराहा तक बनने वाले एलिवेटेड रोड के लिए सड़क परिवहन मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की
सिटी रिपोर्टर | उदयपुर
उदियापोल से कोर्ट चौराहा तक बनने वाले एलिवेटेड रोड के लिए 61 हजार 891.52 वर्ग फीट (0.5752 हैक्टेयर) जमीन अवाप्त होगी। इसमें निजी के साथ ही अस्पताल की जमीन भी शामिल है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है। मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार इस प्रोजेक्ट के लिए 21 हजार 993.44 वर्ग फीट निजी आबादी की जमीन और 39 हजार 898.08 वर्ग फीट जमीन अस्पताल की अवाप्त होगी। मंत्रालय ने अवाप्ति की अधिसूचना जारी कर प्रभावित लोगों को आपत्तियां पेश करने 21 दिन का समय दिया है। एडीएम-प्रशासन के समक्ष आपत्तियां पेश की जा सकेंगी, जिसके बाद उन पर सुनवाई होगी। इस प्रक्रिया यह बात लगभग साफ हो गई है कि एलिवेटेड रोड के लिए उदियापोल से कोर्ट चौराहा तक जमीन अवाप्ति के नाम पर करीब 100 इमारतें प्रभावित होंगी, जिसमें अधिकांश कॉमर्शियल हैं। इसे लेकर व्यापरियों में सुगबुगाहट शुरू हाे गई है।