सोहराबुद्दीन एनकाउंटर : गवाह बोला- सुरक्षा मांगकर गलती की, खर्च भी मुझे उठाना पड़ेगा
उदयपुर| सोहराबुद्दीन-तुलसी एनकाउंटर केस में अहम गवाह तुलसी के वकील सलीम खान के 10 अप्रैल को पेशी पर नहीं पहुंचे। कोर्ट ने कारण पूछा तो सीबीआई के पास जवाब नहीं था। भास्कर ने शुक्रवार को वकील सलीम खान से बात की तो उन्होंने बताया कि इस मामले में राजस्थान, गुजरात के बीजेपी नेता, रसूखदार लोग और पुलिस अधिकारी आरोपी रहे हैं। वे भले ही बरी हो गए हों, लेकिन मुझे इनसे खतरा है, इसलिए सुरक्षा मांगी थी। लेकिन लगता है कि मैंने सुरक्षा मांगकर गलती कर दी। थाना पुलिस का कहना है कि आपके साथ जाने वाले गार्ड के आने-जाने और खाने-पीने की व्यवस्था आपको ही करनी होगी। मैं यह व्यवस्था कहां से करूं। इसलिए 10 अप्रैल को मुंबई कोर्ट में बयान देने नहीं गया। सलीम खान ने बताया कि कोर्ट ने अगली तारीख 18 अप्रैल दी है। मैंने अपना थर्ड एसी में रिजर्वेशन करा लिया है। सूरजपोल थाने को सूचित भी कर देंगे। पुलिस की ओर से मेरी सुरक्षा में लिए सशस्त्र गार्ड लगाने की क्या व्यवस्था रहती है, यह 16 अप्रैल को रवाना होते समय देखेंगे। सीबीआई को भी सूचित कर दिया है, ताकि उसके अधिकारी भी उदयपुर पुलिस से संपर्क कर मेरी सुरक्षा व्यवस्था तय करवा सकें। दूसरी ओर, सूरजपोल थानाधिकारी आदर्श परिहार का कहना है कि हमने वकील सलीम को लिखित में दिया है कि वह जब भी मुंबई पेशी पर जाएं, हमें सूचित कर दें, ताकि उनके साथ सुरक्षा गार्ड भेज सकें।