डाक विभाग का दर्पण प्रोजेक्ट आज से, शाखाएं होंगी डिजिटल
उदयपुर | भारतीय डाक विभाग दिल्ली और उदयपुर प्रधान डाकघर में दर्पण प्रोजेक्ट की शुरुआत मंगलवार को दोपहर 3 बजे केंद्रीय संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे। प्रवर अधीक्षक रणजीत सिंह शक्तावत ने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत भारतीय डाक विभाग ने दर्पण (डिजिटल एडवांसमेंट ऑफ रूरल पोस्ट ऑफिस फॉर ए न्यू इंडिया) का शुभारंभ किया जा रहा है। जिसके तहत पूरे देश के 1.29 लाख शाखा डाकघरों को डिजिटल किया जा रहा है। इन शाखा डाकघरों से वित्तीय लेनदेन अब ऑनलाइन किए जा सकेंगे। इस प्रोजेक्ट के तहत सभी चयनित शाखा डाकघरों को एक हैण्डलूम डिवाइस दी जाएगी, जिससे शाखा डाकपाल कोर बैंकिंग से संबंधित कार्य, रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट आर्टिकल्स की बुकिंग, मनीऑर्डर की बुकिंग, पीएलआई, आरपीएलआई प्रीमियम जमा और मैच्योरिटी क्लेम आदि सभी कार्य ऑनलाइन कर सकेंगे।