94 लाख के छात्रावास और लाइब्रेरी के विस्तार का लोकार्पण
उदयपुर | एमपीयूएटी के सीटीएई के पीएचडी छात्रावास और सीटीएई लाइब्रेरी भवन में हुए विस्तार का लोकार्पण सोमवार को हुआ। पीएचडी छात्रावास के परिसर में वर्तमान में 64 लाख की लागत से 11 नए कमरों का निर्माण और 30 लाख रुपए की लागत से सीटीएई लाइब्रेरी भवन का विस्तार हुआ। इसमें आईसीएआर ने 20 लाख रुपए वित्तीय सहायता दी।
डीन डाॅ. एस.एस. राठौड़ ने कॉलेज में एक साल में हुए निर्माण कार्यों और अन्य गतिविधियों की जानकारी दी। कहा कि महाविद्यालय के सभी विभागों में 500 किलोवाट के रूफ टाॅप सोलर प्लांट (500 किलो वाट) लगाए जाएंगे, जिसकी लागत लगभग 2.5 करोड़ होगी। सभी विभागों में रेवेन्यू आधारित उपकरण खरीदे जा रहे हैं, जिनसे इंडस्ट्री, सरकारी कंसल्टेंसी और टेस्टिंग के काम करेंगे। इससे सालाना 4 से 5 करोड़ तक की रेवेन्यू मिलेगी। इस मौके पर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने विश्वविद्यालय में लगने वाली महाराणा प्रताप की मूर्ति के पेडस्टल निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उपनिदेशक कृषि शिक्षा डाॅ. नरेन्द्रसिंह राठौड़ ने भी विचार रखे। कुलपति प्रो. उमाशंकर शर्मा ने कहा कि आईसीएआर ने विश्वविद्यालय को 24.5 करोड़ रुपए का एग्रीकल्चर डवलपमेंट प्रोजेक्ट स्वीकृति किया है।