एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं को शक्ति एप से जोड़ने का लक्ष्य : चौधरी
उदयपुर | शक्ति एप के जरिए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से सीधा संवाद स्थापित करने को लेकर गिर्वा ब्लॉक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक बछार स्थित केलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हुई। पीसीसी सदस्य निर्मला चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क कायम करने के लिए शक्ति एप की शुरुआत की गई है, जिसमें प्रायोगिक स्तर पर सबसे पहले राजस्थान प्रदेश को चुना गया है। प्रदेश में एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं को एप से जोड़ने का लक्ष्य है। जिला कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य काैशल नागदा ने कहा कि एप के मोबाइल नंबर 7045003900 पर वोटर आईडी कार्ड संख्या भेजकर जुड़ा जा सकता है। कार्यकारिणी सदस्य डॉ. कल्याण सिंह राव, प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शारदा रोत ने दावा किया कि एप में फर्जी सदस्य नहीं बन पाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विधानसभावार डेटाबेस तैयार किया जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा दिल्ली के रामलीला मैदान में 29 अप्रैल को होने वाली रैली में उदयपुर ग्रामीण से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसकी तैयारी को लेकर डीसीसी सदस्य मोहनलाल व सरपंच शंकरलाल मीणा को प्रभारी बनाया है। बैठक में सरपंच जगुराम मीणा, भंवरी देवी, मदन पंडित, भूपेन्द्र रोत, बबलू टांक, हेमन्त मेघवाल, भरत धायभाई उदयपुर क्रय विक्रय समिति सदस्य शंकर लाल मीणा, पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष यशवंत चौधरी आदि मौजूद थे।