पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Udaipur
  • अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय एकता रैली निकाली, शोभायात्रा आज

अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय एकता रैली निकाली, शोभायात्रा आज

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती शनिवार काे मनाई जाएगी। पूर्व संध्या पर शुक्रवार को शिव दल मेवाड़ ने राष्ट्रीय एकता रैली निकाली और अम्बेडकर की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक कर भारत माता पूजन किया।

शिव दल के प्रमुख मनीष मेहता ने पताका दिखाकर रामपुरा चौराहा से रैली को रवाना किया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने रामपुरा चौराहा पर भीलू राणा की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित किया। उधर, प्रधान महाप्रबंधक दूरसंचार जिला, बीएसएनएल सभागार में बाबा साहब की जीवनी पर संगोष्ठी हुई। विद्याभवन में काव्य गोष्ठी में कवियों ने दलित साहित्य व काव्य संग्रहों से चयनित और खुद की लिखी कविताओं का पाठ किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कोर्ट चौराहा पर अंबेडकर प्रतिमा के आगे दीये जलाए। गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट, विधायक फूलसिंह मीणा, प्रमोद सामर, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़ और भाजपा अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष लवदेव बागड़ी भी मौजूद थे। दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम युवा मोर्चा अध्यक्ष गजेंद्र भंडारी की देखरेख में हुआ। मोर्चा के शहर महामंत्री गोपाल जोशी, मोहन गुर्जर, डाॅ. ओम पारीक, सुरेन्द्र पालीवाल, जितेन्द्र मारू, सन्नी पोखरना आदि ने जलाए।

अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा ने पदाधिकारियों ने किया दीपदान।

शहर में आज निकलेगी शोभायात्रा, होंगे कई अायोजन
शहर में विभिन्न समाज और संगठन बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 127वीं जयंती शनिवार को धूमधाम से मनाएंगे। डाॅ. अंबेडकर जयंती समारोह समिति के बैनरतले अंबेडकर सर्कल से सुबह 9 बजे विशाल रैली निकलेगी। समिति अध्यक्ष ईजी. शैलेन्द्र चौहान ने बताया कि रैली को हरी झंडी गृहमंत्री और शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया दिखाएंगे। रैली शास्त्री सर्कल, टाउन हाल, सूरजपोल, बापू बाजार, देहलीगेट, अश्विनी बाजार, हाथीपोल, चेटक सर्कल होते हुए अंबेडकर सर्कल पहुंचेगी। अखाड़ा प्रदर्शन में वसीटा और खटीक समाज के पहलवान हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। शोभायात्रा में बाबा साहेब, शहीद प्रकाश कमांडो आदि की झांकियां निकलेंगी। रैली के बाद अंबेडकर सर्कल पर सुबह 11 बजे सभा होगी। जयंती की पूर्व संध्या पर अंबेडकर सर्कल पर 127 दीप प्रज्जवलित कर खुशी मनाई और आतिशबाजी की गई। अंबेडकर जयंती के कोषाध्यक्ष ईजी. जीतमल चौहान ने बताया कि मौके पर कक्षा 8वीं, 10वीं, कक्षा 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर और अन्य क्षेत्र की 148 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, मेयर चंद्रसिंह कोठारी, यूआईटी चेयरमैन रवींद्र श्रीमाली आदि मौजूद रहेंगे। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती संयुक्त समारोह समिति संयोजक पीआर सालवी, अध्यक्ष डॉ. मानसिंह निनामा आदि के नेतृत्व में बाबा जयंती समारोह की अंतिम तैयारी बैठक हुई। रैली संयोजक तीरथ सिंह खेरालिया ने बताया कि सुबह 9 बजे टाउनहॉल से रैली निकलेगी, जो श्रमजीवी कॉलेज, देहलीगेट होकर डॉ. अम्बेडकर सर्कल पहुंचेगी। वहां बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी जाएगी। रैली देहलीगेट से बापू बाजार, सूरजपोल, उदियापोल, सेंट्रल जेल होकर पुलिस लाइन सामुदायिक भवन पहुंचेगी। उधर, राजस्थान कृषि महाविद्यालय के नूतन सभागार में शाम 4.30 बजे कार्यक्रम होगा। अंबेडकर खेल मैदान गांधी नगर में शाम 5.30 बजे जन्म दिवस मनाया जाएगा।

कांग्रेस का कैंडल मार्च
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग ने कैंडल मार्च किया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाईचारा और सद्भाव का संदेश दिया। कैंडल मार्च चेतक चौराहे से शुरू होकर कोर्ट चौराहा स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर जाकर संपन्न हुआ। जिला अध्यक्ष शंकर चंदेल ने बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डाला। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, देहात अध्यक्ष लाल सिंह झाला, हेमेंद्र दाहिमा, विकास बंधु, राहुल परमार, राजेश तंवर, लवकुश सालवी आदि मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...