पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Udaipur
  • फिर कैश किल्लत...अक्षय तृतीया पर निकाले 70 करोड़, खाली हुए शहर के 233 में से 102 एटीएम

फिर कैश किल्लत...अक्षय तृतीया पर निकाले 70 करोड़, खाली हुए शहर के 233 में से 102 एटीएम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
देशभर में करेंसी की कमी के चलते आ रही दिक्कतों का सामना बुधवार को उदयपुर शहर में भी लोगों को करना पड़ा। बैंड, टैंट वालों और पंडितों से मिली जानकारी के अनुसार अक्षय तृतीया के बड़े सावे के कारण शहर में लगभग 250 और जिलेभर में लगभग 600 से ज्यादा शादियां हुईं। ऐसे में इन शादियों के कारण पिछले तीन दिन में बैंकों और एटीएम से 100 करोड़ से ज्यादा कैश उठ गया। उदयपुर शहर सहित जिलेभर की बात करें तो करीब 70 करोड़ का कैश एक दिन में ही बैंक व एटीएम से उठा लिया गया। इससे बुधवार सुबह एकाएक शहर के बैंकों के 102 प्रमुख एटीएम में कैश खत्म हो गया। एसबीआई, बैंक अॉफ बड़ौदा और आईसीआईसीआई के कुछ एटीएम को छोड़ ज्यादातर दोपहर तक खाली रहे। दोपहर बाद कई एटीएम में कैश डाला गया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि उदयपुर में बुधवार शाम तक लगभग 300 करोड़ कैश पूरे जिले में उपलब्ध था, वहीं शहर में भी 150 करोड़ से ज्यादा कैश उपलब्ध रहा।

2000 के नोट बेहद कम, सिर्फ 50 एटीएम में 200 के नोट

शादियों के चलते बड़े नोटों की आवश्यकता को देखते हुए लोगों ने ज्यादातर 2000 के नोट बैंकों और एटीएम से ले लिए। वहीं पहले से ही 2000 के नोटों की सप्लाई काफी कम हो गई थी। करेंसी डिपोजिट करने वाले कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों ने बताया कि पिछले दिनों से 2000 के नोट की काफी कमी चल रही है। इसके चलते बड़े नोट लोगों को नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं 200 के नए नोट चलन में तो आ गए मगर शहर में फिलहाल 45 से 50 एटीएम ही ऐसे हैं जिनमें 200 के नोट की कैसेट उपलब्ध है। इनमें से भी सबसे ज्यादा एसबीआई के 22 एटीएम में 200 के नोट उपलब्ध हैं।

आगे क्या : 300 करोड़ का कैश उपलब्ध, आज से कैश की कोई दिक्कत नहीं

लीड बैंक अधिकारी मुकुंद भट्ट ने बताया कि उदयपुर सहित राजस्थान में इतनी कैश की दिक्कत नहीं है। अक्षय तृतीया के चलते लोगों ने एटीएम से पैसे निकाल लिए थे, मगर शाम तक ज्यादातर एटीएम में पर्याप्त कैश उपलब्ध करवा दिया गया। फिलहाल जिलेभर में 300 करोड़ का कैश उपलब्ध है।

रियलिटी चैक

करेंसी की कमी से दिनभर रही दिक्कत, दोपहर बाद कुछ एटीएम में आया पैसा, अक्षय तृतीया के सावे के कारण शहर में 250 और जिलेभर में 600 से ज्यादा शादियां हुईं। ऐसे में तीन दिन में 100 करोड़ से ज्यादा कैश उठ गया

मशीन पर मैसेज-कैश इज नॉट अवेलेबल, एक से दूसरे काउंटर पर भटकते रहे उपभोक्ता

उदयपुर. शहर के एटीएम पर नकद निकासी नहीं हो पाने से मायूस उपभोक्ता।

बैंक, खर्च अौर शादियों का गणित

उदयपुर में बैंक 42

उदयपुर जिले में बैंक की शाखाएं 317

उदयपुर शहर में बैंक शाखाएं 150

उदयपुर जिले में एटीएम 350 से ज्यादा

उदयपुर शहर में एटीएम 233

बुधवार शाम तक जिले में कैश उपलब्ध 300 करोड़

सारे नोट हों तो एक समय में 50 लाख से ज्यादा कैश रह सकता है एटीएम में

हर एटीएम में चार कैसेट होते हैं, अलग-अलग नाेट के अलग कैसेट होते हैं।

एक कैसेट में लगभग 2 हजार नोट आ सकते हैं।

फिलहाल एक सामान्य एटीएम में 100, 200, 500 और 2000 के नोट उपलब्ध होते हैं

2000 के 2000 नोट 40 लाख

500 के 2000 नोट 10 लाख

200 के 2000 नोट 04 लाख

100 के 2000 नोट 02 लाख

कुल नोट 8000

कुल पैसा 56 लाख

उदयपुर जिले में एटीएम के लिए 30-30 किमी जाना पड़ा दूर

गोगुंदा में एसबीआई शाखा के बाहर दो में से एक एटीएम बंद रहने से ग्राहकों को भारी परेशानी हुई। कई ग्राहकों के एटीएम से रुपए नहीं निकले, मगर खाते से कट गए। सायरा ब्लॉक मुख्यालय पर स्थित एक मात्र एटीएम के बंद होने से ग्राहकों को 30 किलोमीटर दूर गोगुंदा आना पड़ा। कानोड़ में सुबह से दोपहर 2.30 बजे तक एटीएम में पैसा नहीं था। ढाई बजे बैंक प्रबंधन ने कैश डाला। घासा ग्राम पंचायत में आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम विगत 10 दिन से खराब पड़ा है। लोगों को दस किलोमीटर दूर खेमली जाना पड़ रहा है। जयसमंद में दो दिन से एटीएम मशीन में नकदी नहीं होने से बीस किलोमीटर दूर सलूंबर जाकर रुपए निकलवाने पड़ रहे हैं।

उदयपुर शहर : यहां नहीं मिला कैश

अम्बामाता में एसबीआई ,बीओबी, यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया, पीएनबी, बेकनी पुलिया पर एसबीआई एटीएम में, 100 फीट रोड पर बीओबी एटीएम में रुपए नहीं मिले। सुरक्षा गार्डों ने बताया की एटीएम भरने के कुछ समय के बाद खाली हो जाते हैं तो कुछ ने बताया कि एटीएम में दो दिन से रुपए नहीं भरे गए हैं।

शादी के सीजन में लाेगों को भारी दिक्कत, अक्षय तृतीया पर बाजार भी रहे बेरौनक

प्रियंका पाटीदार को बेकनी पुलिया पर एसबीआई एटीएम से रुपए नहीं मिले। प्रियंका ने बताया कि यू्निवर्सिटी राेड पर काफी हॉस्टल हैं, एटीएम में रुपए नहीं होने से छात्रों को दिक्कत अा रही है। अम्बापोल पर रेस्टोरेंट संचालक विजय प्रकाश ने बताया कि एटीएम में रुपए नहीं होने से पर्यटक परेशान हो रहे हैं। अम्बामाता पर नवनीत पुरोहित ने कहा कि उसे अपने रिश्तेदार की शादी में बाहर जाने रुपए निकालने आया ताे एटीएम में रुपए नहीं है। अम्बामाता एटीएम पर दक्ष प्रताप सिंह शक्तावत ने कहा की एटीएम में पैसे नहीं हैं अब दोस्त से रुपए उधार लेकर गिफ्ट लाना पड़ेगा। 100 फीट पेट्रोल पम्प पर बीओबी के एटीएम पर राहुल पालीवाल को रुपए नहीं मिले। राहुल की बहन की शादी है वो जरूरी काम के लिए रुपए निकालने आए थे। ज्वैलर्स मुकेश वाधवानी का कहना है कि एटीएम में कैश की कमी होने से अक्षय तृतीया पर भी खास ब्रिक्री नहीं हुई है।

जयसमंद. नकदी नहीं मिलने से परेशान उपभोक्ता।

राजसमंद : 15 एटीएम बंद

शादी ब्याह के सीजन में शहर के अधिकांश एटीएम बंद होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई। शहर में 22 एटीएम हैं, इनमें से 15 एटीएम बंद थे। शहर के मुख्य बाजार के एटीएम भी बंद थे।

राजसमंद. कांकरोली मेेन चौपाटी पर खाली पड़ा एटीएम।

यहां मिला कैश

अम्बामाता में एसबीआई बैंक के एटीएम, कलेक्ट्री एटीएम में जहां पर एक मशीन में 200 के नोट तो दूसरी मशीन में 100 और 500 के नाेट निकल रहे थे। चेतक बैंक पर एटीएम मशीन में पैसे मिल रहे थे। एचडीएफसी बैंक में एक मशीन में 2000 के नोट निकल रहे थे।

प्रतापगढ़ : कैश की दिक्कत नहीं

शहर में विभिन्न बैंकों के 20 एटीएम हैं। यहां कैश नहीं होने की कोई समस्या नहीं आई। लीड बैंक मैनेजर अजय नंर्दुकर ने बताया कि सभी बैंकों में पर्याप्त राशि है। उपभोक्ताओं से भी शिकायत नहीं अाई।

सोशल मीडिया में नो कैश, ड्राय कैश, कैशलेस एटीएम

मौसम बदला मोदी नहीं : नोटबंदी में ठंड में कांपते हुए लाइन में लगे अब गर्मी में पसीने से तर-ब-तर।

एटीएम तो बहाना है, कठुआ उन्नाव दबाना है।

वाह मोदी जी वाह, बैंकों में भी चला दिया स्वच्छ भारत अभियान।

खबरें और भी हैं...