परिजन बोले- रिश्तेदारों ने हत्या कर शव लटकाया
उदयपुर | सराड़ा थाना क्षेत्र में 3 अप्रैल को पेड़ पर लटके मिले 19 साल के नठारा फला निवासी युवक के शव मामले को पुलिस आत्महत्या मान रही है जबकि मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या की गई है। मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर परिजनों ने एसपी राजेन्द्र प्रसाद गोयल से शिकायत की है।
मृतक रमेश मीणा के पिता हकरा मीणा ने एसपी को दिए परिवाद में बताया कि 2 अप्रैल को रमेश चावंड गया था। रमेश का बड़ा भाई शांतिलाल अपने ससुराल मायर में था। 3 अप्रैल को शांतिलाल को उसके साले ने फोन कर बताया कि नठारा फला ससेई के किसी लड़के का शव रोड किनारे पेड़ पर लटका है। शांतिलाल वहां पहुंचा तो उसका भाई रमेश पेड़ पर लटका मिला। बॉडी पर चोट के कई निशान थे और खून भी बह रहा था। उसके पास ही पत्थर पर भी खून के निशान थे। परिवाद में बताया कि पुलिस ने शुरू में कहा था कि हत्या जैसा मामला है। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई चोट के निशान नहीं मिले। परिवाद में बताया कि पर्स में एक लड़की का फोटो भी मिला जो शांतिलाल की साली का था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रेम-प्रसंग का मामला होने के कारण शांतिलाल के ससुराल वालों ने रमेश को मारकर लटकाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई चोट के निशान नहीं : थानाधिकारी
मामले को लेकर थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी प्रकार की कोई चोट के निशान नहीं आए हैं, यह बात उनके परिजनों को बता दी थी। खून वाले पत्थर को जांच के लिए भेजा है। उसका अभी कुछ नहीं कह सकते। प्राथमिक जांच में आत्महत्या का मामला ही लग रहा है।