पेयजल समस्याओं को लेकर अधिकारियों ने पार्षदों संग बनाया ग्रुप
उदयपुर. गर्मी में जल वितरण व्यवस्था नियमित बनाए रखने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग के अभियंताआें ने पार्षदों के साथ वाट्सएप वाटर सप्लाई ग्रुप बनाया है। पानी की पाइप लाइनों के ब्रेक डाउन के अलावा जल वितरण में आने वाली बाधाओं की जानकारी पार्षद विभाग के अधिकारियों को देंगे। जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता, सिटी के अधिशाषी अभियंता, एईएन और जेईएन स्तर के अधिकारी वाटर सप्लाई ग्रुप में जोड़े गए हैं। शहर के सभी 55 वार्ड पार्षदों को इस ग्रुप में जोड़ा गया है। तकनीकी कर्मचारियों की टीम भेज कर फॉल्ट हाथों हाथ दुरुस्त कराए जा सकेंगे। ब्रेक डाउन के अलावा कम प्रेशर से पानी की सप्लाई, अशुद्ध पानी की सप्लाई और बूस्टरों से जल दोहन करने वालों की जानकारी मिल सकेगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग के एसई ऑफिस में खोले गए ग्रीष्म कालीन कंट्रोल रूम का टेलीफोन बुधवार को दुरुस्त कर चालू कर दिया गया। अब उपभोक्ता जल वितरण में आने समस्याओं की शिकायत फोन नंबर 2481538 पर कर सकेंगे।