सर्व ब्राह्मण समाज ने की परशुराम पूजा, भवन के भूमि पूजन समारोह में भेंट किए 10 लाख रुपए
शहर में बुधवार को भगवान परशुराम जयंती के आयोजनों की धूम रही। सर्व ब्राह्मण समाज ने सुबह सेक्टर-11 के वल्लभाचार्य पार्क में भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कर पांच दिन के कार्यक्रमों की शुरुआत की।
परशुराम प्रतिमा को पंचामृत स्नान कराने के साथ महाआरती की गई। आयोजक चौबीसा हितकारी ब्राह्मण समाज और मोड़ चतुर्वेदी ब्राह्मण समाज था। ब्राह्मण एकता परिषद राजस्थान प्रन्यास को सेक्टर-11 में आवंटित भूखंड पर बनने वाले परशुराम भवन का भूमि पूजन भी किया गया। पूजन मुख्य ट्रस्टी देवीशंकर चौबीसा के निर्देशन में हुआ। पदाधिकारियों व आगंतुकों ने अपनी-अपनी ओर से करीब 10 लाख रुपए का आर्थिक सहयोग निर्माण के लिए किया। कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मनारायण जोशी, प्रदेश अध्यक्ष के.के. शर्मा, युवा मंच के नरेन्द्र पालीवाल, प्रदेश सचिव व कार्यक्रम संयोजक राधेश्याम सिखवाल, रवींद्र श्रीमाली आदि मौजूद थे।
सुविवि में खुलेगी प्रदेश की पहली परशुराम प्राज्ञ शोध पीठ
उदयपुर | सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में प्रदेश की पहली परशुराम प्राज्ञ शोध पीठ स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बुधवार को चित्तौड़ यात्रा के दौरान घोषणा की। राजे ने वीसी प्रो. जेपी शर्मा को प्रस्ताव भेजने के लिए कहा है।
उदयपुर. परशुराम जयंती मनाने जुटे सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी व प्रतिनिधि।
युवा शक्ति और एकता परिषद ने 201 दीपक से आरती कर आतिशबाजी की
युवा ब्रह्मशक्ति मेवाड़ और अखिल भारतीय सर्व ब्राह्मण एकता परिषद के साझे में शाम को वल्लभाचार्य पार्क में 201 दीपों से भगवान परशुराम की आरती की गई। आतिशबाजी भी हुई। इसके बाद शोभायात्रा की रूपरेखा तय की गई। युवा ब्रह्मशक्ति के संरक्षक महेंद्र भारद्वाज, नरेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राजेश औदीच्य आदि मौजूद थे। उधर, शिवसेना ने भगवान परशुराम का दुग्धाभिषेक कर जनेऊ धारण कराया। गौरव नागदा, जिला प्रमुख सुधीर शर्मा आदि मौजूद थे।
उदयपुर. परशुराम प्रतिमा के आगे दीप जलाते पदाधिकारी।