पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Udaipur
  • चार समाजों के 55 जोड़े बने हमसफर, दृष्टिबाधित वर और व्याख्याता नव वधू ने भी फिजूलखर्च को कहा ना

चार समाजों के 55 जोड़े बने हमसफर, दृष्टिबाधित वर और व्याख्याता नव-वधू ने भी फिजूलखर्च को कहा-ना

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अक्षय तृतीया पर बुधवार को शहर में मेवाड़ा प्रजापत, विश्वकर्मा मेवाड़ा सुथार, तैलिक साहू और खटीक समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलनों के अलावा सहित अन्य शादी समारोहों की धूम रही। गाजे-बाजे के साथ बिन्दोलियां निकलीं और 55 जोड़े जीवन साथी बने। तुलसीजी-ठाकुरजी के विवाह मनोरथ भी हुए। सुथार समाज का दृष्टिबाधित जोड़ा खास था। एमए पास नवनीत और राजकीय विद्यालय तीतरड़ी में व्याख्याता रेखा का जोड़ा आकर्षण का केंद्र रहा। देखने में अक्षम होने के बावजूद दोनों ने मेहनत से पहले खुद को काबिल बनाया, फिर सामूहिक विवाह में शादी कर फिजूलखर्च को ना कहा। समाजों के सामूहिक भोज में बच्चों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों ने काफी संख्या में शामिल होकर समरसता का संदेश दिया।

तैलिक साहू समाज : 13 जोड़ों के साथ परणे मां तुलसी और ठाकुरजी

तैलिक साहू समाज के 26वें सामूहिक विवाह समारोह में तुलसी-ठाकुरजी सहित 14 जोड़ों का विवाह विधि-विधान के साथ तीज का चौक स्थित माहेश्वरी सेवा सदन में हुआ। इससे पहले बिंदोली धानमंडी से विवाह स्थल तक धूमधाम से निकली। अध्यक्ष राजेन्द्र और देवेन्द्र साहू ने बताया कि इसमें समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

मेवाड़ा सुथार समाज : जगह-जगह हुआ बरात का स्वागत, 21 जोड़ों ने लिए फेरे

श्री विश्वकर्मा मेवाड़ा सुथार समाज विकास संस्थान के आयोजन में समाज के 21 जोड़े अलग-अलग वेदियों पर विवाह बंधन में बंधे। विदाई की रस्म शाम 5.30 बजे हुई। इससे पहले सुबह 10.30 बजे सवीना चौराहा से कालूराम जी की बाड़ी तक बारात निकली। दूल्हे घोड़ों पर और दुल्हनें बग्घियों में सवार थीं। बरात का जगह-जगह स्वागत हुआ। टीटू सुथार ने बताया कि विवाह स्थल कालूराम जी की बाड़ी में तोरण की रस्म हुई। संभागीय अध्यक्ष रमाकांत अजारिया ने बताया कि एमए तक पढ़े दृष्टिबाधित नवनीत सुथार और तीतरड़ी स्कूल में व्याख्याता रेखा भी इसी समारोह में विवाह बंधन में बंधे। संस्थान अध्यक्ष गोवर्धन सुथार, सुरेश सुथार, चमन सुथार, जगदीश सुथार आदि मौजूद थे।

दृष्टिबाधित वर-वधू, जिन्होंने पेश की मिसाल।

खटीक समाज : नौ जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, आशीर्वाद देने पहुंचे कई विशिष्ट जन

खटीक समाज सामूहिक विवाह समिति का 12वां सामूहिक विवाह समारोह गांधी ग्राउंड में हुआ। नौ जोड़े जीवन साथी बने। इससे पहले गाजे-बाजे के साथ बिंदोली निकली। समिति अध्यक्ष श्यामलाल कटारिया, जीत मल चौहान ने स्वागत रस्म अदा की।

मंत्री-नेता आए : समारोहों में गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, पूर्व सांसद रघुवीर मीणा, पूर्व मंत्री चुन्नीलाल गरासिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, यूआईटी चेयरमैन रवींद्र श्रीमाली, डिप्टी मेयर लोकेश द्विवेदी आदि पहुंचे।

प्रजापत समाज : तुलसी-ठाकुरजी सहित 13 जोड़े बने जीवन साथी

मेवाड़ा प्रजापत समाज सेवा संस्थान के चौथे सामूहिक विवाह समारोह में तुलसी-ठाकुरजी सहित 13 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। विवाह स्थल टाउनहॉल से बिंदोली सुबह 9.15 बजे निकली। बैंड-बाजों की धुनों पर बाराती जमकर झूमे। दुल्हनें बग्गियों और दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर चले। बिंदोली सूरजपोल, बापू बाजार, देहलीगेट होते हुए कार्यक्रम स्थल टाउनहॉल पहुंची, जिसका 31 स्वागत द्वारों पर पुष्पवर्षा, आइसक्रीम, शरबत आदि से स्वागत किया गया। विदाई की रस्म शाम 5 बजे हुई। युवा संगठन अध्यक्ष कमलेश प्रजापत ने बताया कि समारोह में श्रीयादे पंथ महंत रामनारायण, संस्थान अध्यक्ष रोशन लाल कुम्हार, प्रजापति कुंभकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष भंवरलाल पोटर, युवा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र मावर, संस्थान सचिव विष्णु प्रजापत आदि मौजूद थे। समारोह में अहमदाबाद, इंदौर, मुंबई से भी समाजजन आए।

खबरें और भी हैं...