पहले फ्लोर की दुकान में आग, दमकल में नहीं थी सीढ़ी, लोगों ने छत पर चढ़कर डाला पानी
उदयपुर | बापू बाजार स्थित दुकान की छत पर बुधवार रात आग लग गई। सड़क से गुजर रही बिंदोली में आतिशबाजी का पटाखा दुकान पर फट गया था। दमकल पहुंची, लेकिन इसमें पहली मंजिल तक पहुंचने के लिए सीढ़ी ही नहीं थी। दूसरी दमकल बुलानी पड़ी। इससे पहले लोगों ने छतों से पानी डालकर आग को कुछ हद तक काबू किया। पुलिस ने बताया कि बापू बाजार में रात को बिंदोली निकल रही थी। इसमें आतिशबाजी के दौरान पटाखा पास ही आधुनिक फर्नीशिंग की दुकान में चला गया। इसमें फर्नीचर कवर, पर्दे आदि पड़े हुए थे। छत पर वेस्ट मटेरियल था, जिसमें आग लग गई। पता चलते ही लोगों ने पुलिस को फोन किया। दमकल पहुंची लेकिन इसमें पहले तल तक पहुंचने के लिए साधन नहीं था। लोगों ने छत पर चढ़कर पानी से आग को कुछ काबू में लिया।