भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा शहर जिला की पार्टी कार्यालय में बैठक हुई।
सिटी रिपोर्टर | उदयपुर
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा शहर जिला की पार्टी कार्यालय में शनिवार को हुई बैठक में शहर जिला अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने कार्यकर्ताओं को पेट में बात पचाने की नसीहत दी और देवताओं के उदाहरण भी दिए।
उन्होंने कहा कि संगठन की एकता तभी है, जब कार्यकर्ता इधर-उधर की बातें कर एक-दूसरे को भिड़ाएं नहीं, इसके लिए कार्यकर्ता पेट में बात पचाना सीखें। बैठक में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश महामंत्री मुकेश गर्ग एवं मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष व मोर्चा संभाग प्रभारी ओमप्रकाश जैदिया भी मौजूद रहे। मुकेश गर्ग ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा संविधान में अनुसूचित जाति वर्ग को दिए आरक्षण के समर्थन में है। उन्होंने एससी वर्ग के लिए चल रही केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और लोगों को जागरूक करने को कहा। बैठक में देहात जिलाध्यक्ष गुणवंत सिंह झाला, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष लवदेव बागड़ी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।