शहर में पेड़ों के नीचे लग रहे ठेला, दुकान को तत्काल हटवाए यूआईटी और निगम
उदयपुर | जिला पर्यावरण समिति एवं मोर संरक्षण समिति की मंगलवार को हुई बैठक में सदस्यों ने पौध रोपण के बाद उसके बुरे नतीजों पर चिंता जताई। एडीएम सिटी सुभाष चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति सदस्य रामजी वार्ष्णेय ने सवाल उठाया कि लोग अौर विभिन्न संगठन तो पौध रोपण करते हैं। पौधा पेड़ बनता है तो उसके नीचे छाया देख कोई कार बाजार लगा देता है तो कोई ठेला खड़ा कर देता। इससे आमजन को तो गर्मी में भी उस पेड़ के नीचे खड़े रहना नसीब नहीं होता। इस पर एडीएम सिटी ने नगर निगम और यूआईटी को ऐसे अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। सदस्य नरेंद्र सिंह आसोलिया ने रख्यावल क्षेत्र में पहाड़ियों कटने पर चिंता जताई। अधिकारियों को शहर के आसपास और जिले में पहाड़ी काटने वालों पर सख्ती के निर्देश दिए। बैठक में मोर संरक्षण पर भी चर्चा हुई।
बायो वेस्ट का नहीं हो रहा सही निस्तारण : प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने कहा कि शहर की विभिन्न पीएचसी एवं सीएचसी से बायोवेस्ट नहीं उठाया जा रहा हैं। एडीएम ने सीएमएचओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। स्कूली बच्चों को केरी बेग का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए।