कबूली 12 से ज्यादा वारदातें, हरियाणा में बेचा चोरी का माल
उदयपुर | चाेरी की वारदात में रविवार को सुखेर पुलिस की गिरफ्त में आए अंतरराज्यीय गिरोह के 2 सदस्यों को रिमांड पर लेकर पुलिस हरियाणा ले गई है।
पुलिस का कहना है आरोपियों ने शहर और आसपास क्षेत्र में की गई चोरी की दर्जनभर वारदातों में चोरी का माल हरियाणा में बेचना कबूल किया है। अब पुलिस टीम चोरी का माल जब्त करने के लिए खरीददार की तलाश में हरियाणा गई है। थानाधिकारी मोती राम ने बताया कि महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में गुरुकुल नगर हाल रेवाड़ी (हरियाणा) के मॉडर्न टाउन निवासी जिम्मी उर्फ दीपक पुत्र विपिन शर्मा और रेवाड़ी निवासी सुरेश पुत्र सज्जनसिंह यादव (25) को गिरफ्तार किया था। उनको कोर्ट में पेश कर 12 दिन का रिमांड लिया है। इन्होंने चोरी का माल हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों मेंं बेचना कबूल किया था। अब इनको साथ लेकर पुलिस टीम हरियाणा गई है, ताकि चोरी का माल खरीदने वाले गिरोह को भी पकड़ा जा सके। बता दें कि बदमाशों ने सुखेर क्षेत्र में आठ वारदातें कबूल की है। इन्होंने मयंक कॉलोनी, खारा कुआं, शोभागपुरा रोड आदि क्षेत्र में चोरियां की थी। हरियाणा और महाराष्ट्र के भी कई क्षेत्रों में वारदातें करने की बात सामने आ रही है।