पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Udaipur
  • समर वैकेशन आ गए हैं, मांओं को चिंता है कि धूप में खेल कूद कहीं बच्चों को न कर दे बीमार...

समर वैकेशन आ गए हैं, मांओं को चिंता है कि धूप में खेल-कूद कहीं बच्चों को न कर दे बीमार...

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मई आधा बीतने के साथ लेकसिटी का पारा फिर 41 पार है। देश-प्रदेश में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच शहर में आसमान से मानो आग बरस रही है। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़े बेहाल किए हुए हैं। समर वैकेशन भी शुरू हो गए हैं और मांओं को चिंता है कि बच्चे धूप में बीमार न हो जाएं। यहां हेल्थ एक्सपर्ट्स बता रहे हैं कि कैसे बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में हीट स्ट्रॉक और गर्मी के कारण हो सकने वाली परेशानियों से बचाया जा सकता है।

एक्सपर्ट बताते हैं कि गर्मी में होने वाली बीमारियों के कारणों पर गौर करें तो धूप में दौड़ भाग, गर्म हवाओं की चपेट में आने से सुबह को अच्छे खासे घर से निकले लोग शाम तक बीमार हो जाते हैं। ऐसे में मसालेदार चीजों को ज्यादातर ना कहना ही बेहतर है। इससे भी भयावह स्थिति तेज सिर दर्द, श्वास लेने में तकलीफ, दिल की धड़कन तेज होेना, त्वचा लाल होना, चक्कर आना, उल्टी, काफी पसीना होना या बेचैनी होती है। ऐसी स्थिति में तुरंत इलाज मुहैया नहीं होने से यह जानलेवा भी हो सकता है। इसमें शरीर में सोडियम पोटेशियम का संतुलन बिगड़ सकता है जिससे कई बार शरीर के महत्वपूर्ण अंग खराब होने का खतरा भी हो सकता है।

इसके लिए सेहत का ध्यान रखते हुए मौसम अनुसार खाने की चीजों का उपयोग लेना चाहिए। इस गर्मी के मौसम में हर व्यक्ति को अपने खान-पान का खास ध्यान रखना पड़ रहा है। क्योंकि गर्मियां शुरू होते ही कई परेशानियां आपको घेर लेती हैं। गर्मियों में खाई जाने वाली कुछ चीजें शरीर के अंदर गर्मी को बढ़ा देती हैं, जोकि कब्ज, बदहजमी, पेट दर्द और नींद खराबी का कारण बनती हैं।

पारा फिर 41 पार, हीट स्ट्रॉक से बचने के लिए डाइट रखें लाइट, शरीर में न होने दें पानी की कमी

छाछ, नारियल पानी और खीरा का सेवन है लाभदायक, जो बचाएगा बीमारियों से

एक्सपर्ट बताते है कि भरपूर छाछ का सेवन गर्मियों में शरीर को ठंडक देता है और यह पाचन क्रिया को भी दुरुस्त रखता है। चाय या कॉफी की बजाए आप गर्मियों में नारियल पानी का सेवन कर सकते हैं। इसमें मौजूद कैल्शियम, क्लोराइड और पोटेशियम आपको हेल्दी बनाएं रखते हैं। आप चाहें तो नारियल पानी की बजाए नींबू पानी का सेवन भी कर सकते हैं। वैसे तो अधिकतर लोग गर्मियों में खीरे को सैलेड के रूप में खाना पसंद करते हैं। मगर इसका रस निकाल कर भी पी सकते हैं। सोडियम, पोटेशियम और विटामिन बी से भरपूर तरबूज शरीर के लिए काफी फायदेमंद होता है। यह शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ दिल के रोग, तनाव, कब्ज और त्वचा संबंधी समस्याएं को भी दूर रखता है।

तेज मसालेदार, ऑयली और जंक फूड को कहें ना

डॉ. रमेश जोशी

एमबी हॉस्पिटल के उपाधीक्षक रमेश जोशी बताते है कि गर्मियों में मिर्च, अदरक, काली मिर्च, दालचीनी जैसे मसालों का सेवन नहीं करना चाहिए। इसके अलावा जंक फूड तो हानिकारक है ही। गर्मियों में इससे पेट की शिकायतें पैदा करता है। ड्राई फ्रूट्स का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है लेकिन गर्मी में ये भी जरूरत अनुसार ही खाना चाहिए। जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल के क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ और फिजिशियन डाॅ. कमलेश भट्ट बताते हैं कि इसलिए गर्मियों में आपको ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए जो शरीर को अंदर से ठंडक दे। घर से पानी पीकर कुछ खाकर निकलना बेहतर है। ठेले पर मिलने वाले फास्टफूड को भी ना कहें तो शरीर बीमारियों से ग्रसित नहीं होगा।

यदि इनमें से कोई लक्षण नजर आए तो यह करें उपाय

गर्मी के कारण लू से ग्रस्त व्यक्ति को तुरंत छांव में हवा वाली जगह पर ले जाएं। इसमें शरीर का तापमान बढ़ जाता है। छायादार जगह पर पहुंचने से तापमान सामान्य आना शुरू हो जाता है। ऐसे व्यक्ति को नमक और शक्कर का घोलकर पिलाएं। उसके सारे कपड़े निकालकर सिर्फ अंदरूनी वस्त्र रखें और शरीर पर ठंडे पानी का छिड़काव या पट्टी करना चाहिए। गीली चादर या टावल में उस व्यक्ति को लपेटकर तापमान कम करने का प्रयास करें और हाथ-पैर पर मालिश करते हुए रक्त संचरण सुचारू रखें। संभव हो तो बर्फ के टूकड़े कपड़े में लपेटकर गर्दन, बगलों और जांघों पर रखें। इससे गर्मी जल्दी बाहर निकलती है। इन सभी प्राथमिक उपचार के साथ मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए।

डॉ. कमलेश भट्ट

खबरें और भी हैं...