मावली-मारवाड़ की बंद ट्रेन को शुरू करने के लिए रेलवे बोर्ड चेयरमैन से मिले सांसद जोशी
उदयपुर| चित्तौड़गढ़ सांसद और रेलवे स्टेंडिंग कमेटी के सदस्य सी.पी. जोशी ने मंगलवार को दिल्ली में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्विनी लोहानी से मुलाकात की। इस दौरान जोशी ने मावली मारवाड़ की बंद हुई एक ट्रेन से यात्रियों को हो रही असुविधा से अवगत कराते हुए इसे शीघ्र शुरू करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि दो में से एक ट्रेन का संचालन बंद होने से मावली से मारवाड़ के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। इसके साथ ही मावली-मारवाड़ आमान परिवर्तन, मावली-बड़ीसादड़ी आमान परिवर्तन, बड़ीसादड़ी-नीमच तथा उदयपुर-अहमदाबाद आमान परिवर्तन तथा इन मार्गों पर कार्य के बारे में चर्चा की। जोशी ने रतलाम-चित्तौडगढ़ कोटा और उदयपुर चित्तौड़गढ़ अजमेर मार्ग के शीघ्र विद्युतीकरण करने को लेकर भी बातचीत की।