मावली में डीएसपी ऑफिस खोल भींडर की अनदेखी कर रहा गृह विभाग : रणधीर सिंह
उदयपुर | मावली में पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) कार्यालय की मंजूरी पर वल्लभनगर विधायक रणधीर सिंह भींडर ने गृह विभाग पर जान-बूझकर भींडर की अनदेखी का आरोप लगाया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पत्र लिखकर भींडर में डीएसपी कार्यालय खोलने की पैरवी की है।विधायक ने पत्र में लिखा है कि पिछले दिनों मावली में नया डिप्टी कार्यालय खोलने की मंजूरी दी गई थी, जबकि वल्लभनगर डिप्टी कार्यालय जिले का सबसे बड़ा सर्कल है। फतहनगर, मावली, डबोक और वल्लभनगर थाना वल्लभनगर डिप्टी कार्यालय के पास हैं। जबकि भींडर-वल्लभनगर की दूरी 39 और कानोड़-वल्लभनगर की 54 किमी है। जिससे आपात स्थिति में पुलिस को डिप्टी कार्यालय तक पहुंचने में कम से कम एक घंटा लगता है। ऐसे में वल्लभनगर, फतहनगर, डबोक और मावली थाने को वल्लभनगर सर्कल में रखते हुए मावली की जगह भींडर में डिप्टी कार्यालय खोलना कानून व्यवस्था की दृष्टि से ज्यादा उचित रहता। विधायक ने सुझाव दिया कि खेरोदा, भींडर, लसाड़िया, कुराबड़ को जोड़कर भींडर में नया डिप्टी कार्यालय खोला जाए।