शेखावत की पुण्यतिथि पर भाजपा की गुटबाजी में बंटे श्रद्धांजलि के पुष्प
पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की पुण्यतिथि पर मंगलवार को रानी रोड किनारे स्थापित उनकी प्रतिमा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि दी। कार्यक्रम में भाजपा शहर जिला की गुटबाजी नजर आई। एक धड़े ने शहर जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट के नेतृत्व में तो दूसरे ने भैरोंसिंह शेखावत जागृति मंच अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत व मुख्य समन्वयक मांगीलाल जोशी के नेतृत्व में पुष्पांजलि दी। एक ही पार्टी के होने के बावजूद दोनों धड़ों ने एक-दूसरे से दूरियां रखते हुए शेखावत को याद किया। शहर जिला की तरफ से गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया जिंदाबाद के नारे लगने लगे तो मंच कार्यकर्ताओं ने शेखावत अमर रहे के नारे शुरू कर दिए। इससे कुछ देर माहौल गरमाया रहा। इधर भाजपा के देहात जिलाध्यक्ष गुणवंत सिंह झाला, क्षत्रिय महासभा के बालू सिंह कानावत, समाजसेवी तेज सिंह बांसी आदि ने भी पुष्पांजलि दी।
शहर जिला : संगठन को गति दें कार्यकर्ता
शहर जिला अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने शेखावत को संगठन शिल्पी बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को सरकार बनाने वाला कार्यकर्ता बनना पड़ेगा। कार्यकर्ता छोटी-मोटी बातों और मतभेदों को दरकिनार कर संगठन को गति देने सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करें। यूआईटी चेयरमैन रवींद्र श्रीमाली ने कहा कि शेखावत की कार्यशैली से विरोधी भी प्रभावित होते थे । किरण जैन, कुंती लाल जैन,पूर्व महापौर रजनी डांगी,प्रमोद सामर, वंदना मीणा, रवि नाहर, शंभू जैन, नंदलाल वेद, दीपक बोल्या और अमृत मेनारिया भी मौजूद थे।
शेखावत मंच : हमारा झगड़ा पार्टी को नुकसान पहुंचाने वालों से
मंच के अध्यक्ष शांति लाल चपलोत ने कहा कि शेखावत जनहित को प्राथमिकता देते थे। हाईकोर्ट बेंच के लिए आमरण अनशन भी उन्हीं के सिद्धांतों से प्रेरित कार्यक्रम है। मांगी लाल जोशी ने कहा कि हमारा झगड़ा पार्टी से नहीं बल्कि पार्टी को नुकसान पहुंचने वाले घमंडी व्यक्ति से है। रोशन लाल जैन, पूर्व सांसद महावीर भगोरा, पूर्व शहर जिलाध्यक्ष ताराचंद जैन, पूर्व उप महापौर महेंद्र सिंह शेखावत, जगत नागदा और प्रेम ओबरवाल भी मौजूद थे।