उदयपुर | राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के सचिव व मोदी गुट के आर.एस. नांदू का कहना है कि आरसीए में गुटबाजी और विवादों के कारण दो गुट बन गए हैं और विवाद कोर्ट में चल रहा है। प्रदेश में क्रिकेट चलाने के लिए घरेलू कमेटी बनाई गई है। विवाद के कारण आरसीए अध्यक्ष जोशी ने अपनी कमेटी घोषित की और इसके चलते उन्होंने भी अपनी कमेटी घोषित की है। लेकिन दोनों के उद्देश्य अलग हैं। उदयपुर दौरे पर आए नांदू सोमवार को मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर जोशी गुट का प्रदेश में क्रिकेट चलाने का मन है तो अापस में बातचीत की जा सकती है, लेकिन अगर राजनीति ही करनी है तो अलग बात है। नांदू ने कहा कि सचिव बनने के बाद उदयपुर और जयपुर में क्रिकेट स्टेडियम बने इसके लिए उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग को पत्र भी लिखे, ताकि पूर्व में आवंटित जमीन का निर्णय हो सके। कुछ समय बाद बीसीसीआई से पहले की बकाया ग्रांट के 100 से 150 करोड़ रुपए मिलने वाले हैं। इस राशि उदयपुर व जयपुर में क्रिकेट के विकास पर खर्च करने की योजना है। कोई भी संघ हो, जहां पर राजनीति हो जाती है, वहां के खिलाड़ियों के साथ न्याय नहीं होता है। नांदू ने कहा कि वह खेल मेंं राजनीति करने नहीं, बढ़ाने आए हैं और चाहते हैं राजस्थान में क्रिकेट चले। दोनों गुट मिलकर क्रिकेट चलाएं। उन्होंने सरकार को पत्र लिखा है कि प्रदेश के हर जिले जो मैदान स्कूल या विवि, निगम के पास हों, उन्हें आरसीए गोद लेना चाहता है। ताकि इन्हें खिलाड़ियों के लिए तैयार किया जा सके और प्रदेश मैदानों की कमी पूरी हो सके।