उदयपुर | गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने यूआईटी, नगर निगम सहित विभागों काे मानसून से पहले एक लाख से ज्यादा पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है। यूआईटी सभागार में सोमवार को बैठक में कटारिया ने कहा कि यूआईटी, नगर निगम व वन विभाग 20-20 हजार पौधे लगाएंगे। एमएलएसयू व एमपीयूएटी को 15 हजार और विभागों को अपने परिसर में पौधे लगाने होंगे। शहर के आसपास की पहाड़ियों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाए। कटारिया ने कहा कि उदयपुर से गोगुन्दा, कोटड़ा, झाड़ोल सहित अन्य दूर दराज क्षेत्रों में आने जाने वाले लोगों के लिए मोहता पार्क प्रमुख आश्रय स्थल है, इसे सुंदर बनाएं। आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य ने विभाग से हर्बल एवं औषधीय महत्व वाले दो हजार पौधे लगाने की सहमति दी। यूआईटी चेयरमैन रवींद्र श्रीमाली, कलक्टर बिष्णुचरण मल्लिक, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ सिहाग, यूआईटी सचिव रामनिवास मेहता भी मौजूद थे।